SDM को थप्पड़ मारने के मामले में जमानत मिलने के बाद नरेश मीणा बुधवार को टोंक जेल से रिहा हो गए। जेल से बाहर आने के बाद नरेश मीणा ने कहा -अब हम पूरी ताकत के साथ पंचायत राज चुनाव लड़ेंगे।
.
नरेश मीणा ने कहा - जिस क्रांति की बात मैं लगातार करता आया हूं, उसकी शुरुआत हाड़ौती से हो चुकी है। मेरे दोस्त और बारां नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन कमल राठौर ने इसकी शुरुआत कर दी है। उनके पास अभी चुनाव चिह्न नहीं था, ऐसे में आम आदमी पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।
बता दें कि नरेश मीणा ने विधानसभा उपचुनाव में SDM को थप्पड़ मारा था। इस मामले में हाई कोर्ट ने उनको सशर्त जमानत दी थी। जमानत शर्तों का उल्लंघन करने पर टोंक की एससी-एसटी कोर्ट ने जमानत खारिज कर दी थी। इसके बाद नरेश मीणा ने 6 अगस्त को नगर फोर्ट थाने में सरेंडर किया था। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। करीब 48 दिन बाद अब जेल से बाहर आए हैं।

तस्वीर 13 नवंबर 2024 की है। जब टोंक के समरावता गांव में निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मार दिया था।
समरावता प्रकरण का जिक्र करते हुए नरेश मीणा ने कहा कि उन्होंने हाईकोर्ट की शर्तों की पालना करते हुए कई आंदोलनों से दूरी बनाए रखी। इसी दौरान झालावाड़ में स्कूल हादसा हुआ, इसके बाद वे खुद को रोक नहीं पाए और शांतिपूर्ण धरना दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस ने इसे हाईकोर्ट की शर्तों का उल्लंघन बताते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश किया, जिसके बाद उनकी जमानत खारिज हो गई।
उन्होंने कहा कि उन्हें कोर्ट पर पूरा भरोसा था और आखिरकार शर्तों के साथ न्याय मिला। नरेश मीणा ने कहा कि आगे भी हाईकोर्ट की शर्तों की पालना करते हुए जनसेवा जारी रखेंगे।
‘हाड़ौती में क्रांति की शुरुआत हो चुकी हैं’
नरेश मीणा ने कहा कि लोग मुझ पर विश्वास कर रहे हैं और राजनीति में अच्छे लोग आएं, इसके लिए मैं लगातार प्रयास कर रहा हूं। जेल में रहने के दौरान भी सभी साथी पूरे हौसले के साथ मेरे साथ खड़े रहे। इस दौरान जगह-जगह शांतिपूर्ण आंदोलन किए गए और साथी लगातार लोगों की सेवा में जुटे रहे।

वकील बोले- नरेश मीणा जनहित में धरना प्रदर्शन देते हैं नरेश मीणा के एडवोकेट फतेहराम मीणा ने बताया- नरेश मीणा को महीने में एक बार थाने में उपस्थिति दर्ज कराने और किसी अपराधिक मामले में शामिल नहीं होने की शर्त पर जमानत दी है। नरेश मीणा ने पहले भी हाईकोर्ट की शर्तों की पालना की थी, लेकिन एक तथाकथित मामले की वजह से बेल कैंसिल हुई थी।
नरेश मीणा झालावाड़ अस्पताल परिसर में मृतक स्कूली बच्चों के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए धरने पर शांतिपूर्वक बैठे थे। जब पुलिस ने उसे हाईकोर्ट की शर्तों का उल्लंघन मान लिया और कोर्ट को बताया कि नरेश मीणा ने आईसीयू सेवा बाधित की और चिकित्साकर्मियों से मारपीट की। जबकि नरेश मीणा उस दिन अस्पताल परिसर को छोड़कर कहीं नहीं गए थे।
इसके सारे फुटेज मीडियाकर्मियों के अलावा कई लोगों के पास हैं, फिर भी हम कोर्ट का सम्मान करते हैं, लेकिन नरेश ने पहले भी शर्तो का उल्लंघन नहीं किया और ना आगे करेंगे। वे पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन राजनीतिक जीवन में प्रशासन के सामने जनहित में धरना प्रदर्शन करते हैं।
विधानसभा उपचुनाव में एसडीएम को थप्पड़ मारा था
जेल से बाहर आने के बाद नरेश मीणा ने कहा- राजनीति में किसी को चुनाव हराकर ही नहीं, बल्कि निर्दोष व्यक्ति को किसी मामले में फंसाकर भी उसकी राजनीतिक हत्या की जा सकती है। दरअसल, देवली-उनियारा उपचुनाव-2024 में 13 नवंबर 2024 को टोंक के समरावता गांव में निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद समरावता सहित कई इलाकों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटना हुई थी।

------------
मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
राजस्थान में थप्पड़कांड के आरोपी नरेश मीणा गिरफ्तार:छुड़वाने के लिए समर्थकों ने दिनभर मचाया बवाल; बोले- पुलिस ने घरों में घुसकर मारा, गाड़ियां जलाई

राजस्थान के देवली-उनियारा में एसडीएम को थप्पड़ मारने वाले नरेश मीणा को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। नरेश मीणा की गिरफ्तारी के बाद समरावता गांव में फिर बवाल हो गया। मीणा के समर्थकों ने पुलिस की गाड़ियों को रोकने की कोशिश में चक्का-जाम कर दिया। देवली-उनियारा के समरावता गांव की सड़क पर भी टायर जलाए। (पूरी खबर पढ़ें…)