September 12, 2026

'SC/ST एक्ट से बचना है तो घरों में पैक रहिए', 'मोदी की तेरहवीं' मनाने वाली निशू ने किसको दी नसीहत?

Time Published: Saturday, September 12, 2026, 19:59 [IST]

Nishu Azad New Video: CJP प्रोटेस्ट के दौरान 'मोदी की तेरहवीं' का खाना बांटने वाले वीडियो के बाद चर्चा में आईं निशू आज़ाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। अब उनका एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी सोसाइटी के लोगों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर जवाब देती नजर आ रही हैं।

वीडियो में एंकर निशू से कहती हैं कि सोसाइटी के कुछ लोगों को डर है कि वह कभी उनके खिलाफ SC/ST एक्ट का मामला दर्ज करा सकती हैं। इस सवाल पर निशू ने इस सोच को गलत बताते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डर उन्हें सोसाइटी के लोगों से है और वह खुद घर से बाहर निकलने में परेशानी महसूस कर रही हैं। निशू ने अपने घर पर पथराव का भी दावा किया।

Nishu Azaad

'आखिर मैं SC/ST एक्ट क्यों लगवाऊंगी?'

वायरल वीडियो में निशू आज़ाद से जब सोसाइटी के लोगों के डर को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "आखिर मैं आप पर SC/ST एक्ट क्यों लगवाऊंगी?" उन्होंने कहा कि वह कई लोगों के मुंह से ऐसी बातें सुन रही हैं और उन्हें यह बात बेहद गलत लगती है। निशू के मुताबिक, इस तरह की बात के पीछे जाति को लेकर भेदभाव वाली सोच नजर आती है।

ये भी पढ़ें: पॉडकास्ट में नीशू के पिता का 'सिर फोड़ने' का दावा पड़ा भारी, स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली HC ने भेजा तिहाड़ जेल

'दलित इनके लेवल पर कैसे रह रहा है?'

निशू ने कहा कि दलितों को आज भी भेदभाव और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसके तरीके बदल गए हैं। उन्होंने कहा, "दलितों को आज भी प्रताड़ित किया जा रहा है, बस तरीका बदल गया है।" उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोगों को यह परेशानी है कि दलित समाज का कोई व्यक्ति उनकी तरह की सोसाइटी में कैसे रह सकता है।

निशू ने कहा, "इनको प्रॉब्लम है कि दलित इनके बिल्कुल लेवल पे कैसे रह पा रहा है?" उनके मुताबिक, लोग इस बात को सीधे तौर पर जाति से जोड़कर नहीं कह सकते, इसलिए SC/ST एक्ट का डर दिखाने जैसी बातें की जा रही हैं।

अगर SC/ST Act से बचना चाहते हैं तो अपने घरों में बंद रहें और बाहर ना निकलें : निशु आजाद

पूरी सोसायटी के लोग डरे हुए हैं
यह कैसा काला कानून हैं?

यह OBC और General कैटेगरी के लोग भारत के नागरिक नहीं है? एक तरफ हम समानता की बात करते हैं तो दुसरी तरफ कानून और संविधान ही भेदभाव करती… pic.twitter.com/hoV6uUpKfi

— Chandan Sharma (@ChandanSharmaG) September 12, 2026

'डर तो मुझे आप लोगों से है'

निशू ने वीडियो में अपनी सुरक्षा को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि सोसाइटी के लोग खुलेआम घर से बाहर निकल रहे हैं, जबकि वह खुद घर के अंदर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके घर पर पथराव हुआ था और इसके बावजूद कुछ लोग उस घटना को भी झूठा बता रहे हैं।

निशू ने कहा, "डर तो मुझे आप लोगों से है, ना कि कल को अगर मेरे साथ कुछ भी होता है तो आप तो उसको भी झूठ बोल देंगे।"

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति के कारण वह घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं।

'आप घर के अंदर पैक रहिए'

SC/ST एक्ट को लेकर सोसाइटी के लोगों के कथित डर पर निशू ने तंज भी किया। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को इतना डर है कि वह उनके खिलाफ SC/ST एक्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं, तो उन्हें घर के अंदर ही रहना चाहिए।

निशू ने कहा, "अगर आपको इतना ही डर लग रहा है कि आपके ऊपर मैं SC/ST एक्ट लगवाऊंगी, तो आपसे हाथ जोड़कर निवेदन है कि कृपया करके आप घर के अंदर पैक रहिए।"

उन्होंने कहा कि ऐसा करने से लोगों को उनका सामना नहीं करना पड़ेगा और वह भी आसानी से घर से बाहर निकल सकेंगी।

बच्चों और महिलाओं को लेकर भी कही बात

निशू ने आगे कहा कि सोसाइटी के लोग अपने बच्चों और महिलाओं को भी घर के अंदर रखें और खुद भी घर के अंदर रहें। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर उन्हें बाहर निकलने में परेशानी नहीं होगी और लोगों को SC/ST एक्ट को लेकर डरने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

उन्होंने इसी अंदाज में कहा, "आप खुद भी पैक रहिए।"

एंकर ने 'डिजिटल डिस्क्रिमिनेशन' से जोड़ा मामला

वीडियो के आखिर में एंकर ने निशू के बयान को 'डिजिटल डिस्क्रिमिनेशन' से जोड़ते हुए कहा कि उनके मुताबिक सोसाइटी के कुछ लोगों को यह स्वीकार नहीं हो रहा कि दलित समाज का कोई व्यक्ति उनकी सोसाइटी में रह सकता है, अच्छी जिंदगी जी सकता है और खुलकर अपनी बात रख सकता है।

वीडियो सामने आने के बाद निशू आज़ाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हालांकि, वीडियो में निशू की ओर से लगाए गए आरोपों और उनके घर पर पथराव के दावे की स्वतंत्र पुष्टि इस वीडियो से नहीं होती है।

ये भी पढ़ें: नीशू आजाद ने मां दूर्गा को लेकर कही बेहद भद्दी बात, वायरल हुआ ट्वीट, पुलिस के डर से डिलीट किया अकाउंट?