August 8, 2026

SC-ST एक्ट में समझौते के नाम पर 21 लाख हड़पे: एक आरोपी गिरफ्तार; कैथल में परिवार पर दबाव बनाने का आरोप - Kaithal News

कैथल में पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में समझौता करवाने के नाम पर 21 लाख रुपए लेने के आरोप में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव कौल निवासी राहुल के रूप में हुई है।

.

पुलिस के अनुसार, राहुल ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मुकदमे में समझौता करवाने के नाम पर शिकायतकर्ता और उसके परिवार से रकम ली थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 63 हजार 500 रुपए बरामद किए हैं।

केस दर्ज होने के बाद समझौते का दबाव

शिकायतकर्ता गांव कौल निवासी साहिल के अनुसार, 23 मई 2026 को उसके और उसके पिता राजपाल के खिलाफ थाना ढांड में पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने मुकदमे को झूठा और साजिश का हिस्सा बताते हुए पुलिस को शिकायत दी।

आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद कुछ लोगों ने एकजुट होकर समझौते के नाम पर परिवार से रकम मांगनी शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, शिव कुमार सिसला, राहुल, महावीर मास्टर और उनके साथियों की ओर से कथित तौर पर बिचौलियों के माध्यम से समझौते के लिए दबाव बनाया गया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

पहले 35 लाख, बाद में 21 लाख की मांग

शिकायतकर्ता का आरोप है कि शुरुआत में समझौते के लिए 35 लाख रुपए की मांग की गई। रकम में अलग-अलग लोगों के हिस्से भी बताए गए। बाद में यह रकम घटाकर 21 लाख रुपए कर दी गई।

शिकायत के अनुसार, गांव के पूर्व सरपंच गुलाब सिंह और समुद्र सिंह भी उसके संपर्क में आए। आरोप है कि उन्होंने कहा कि वे संबंधित लोगों से समझौता करवा सकते हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि परिवार पर मुकदमे और सामाजिक दबाव का हवाला देकर उसे रकम देने के लिए मजबूर किया गया।

8 जून को दिए 21 लाख रुपये

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने अलग-अलग लोगों से रुपए उधार लेकर 21 लाख रुपए की व्यवस्था की। 8 जून 2026 को गांव कौल स्थित उसके घर पर गुलाब सिंह और समुद्र सिंह को 21 लाख रुपए देने का दावा किया गया है। शिकायत में कहा गया कि इसके बाद यह रकम गांव सिसला ले जाई गई और कथित तौर पर संबंधित लोगों तक पहुंचाई गई।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि रकम देने के बावजूद मामले को लेकर उसके परिवार पर सामाजिक दबाव बना रहा।

पंचायत में समझौता दिखाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 11 जून को गांव कौल की वाल्मीकि चौपाल में पंचायत बुलाई गई। आरोप है कि पंचायत में यह दिखाया गया कि दोनों पक्षों के बीच बिना किसी पैसे के समझौता हुआ है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पंचायत में उस पर दबाव बनाकर माफी मंगवाई गई।

इसके बाद पंचायत की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का भी आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि इससे उसे और उसके परिवार को सामाजिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद के अनुसार, इस मामले में पहले ही गांव सिसला निवासी शिवकुमार और गांव कौल निवासी जोगिंदर, करेशन तथा अशोक को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब राहुल को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, राहुल के कब्जे से 1 लाख 63 हजार 500 रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले में आरोपियों के कब्जे से कुल 21 लाख रुपए की रकम बरामद की जा चुकी है।

पुलिस मामले में समझौते के नाम पर रकम लेने, पंचायत और वायरल वीडियो समेत शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है। सभी आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।