Published: Wednesday, September 23, 2026, 14:15 [IST]
Banks Strike: सितंबर के आखिरी दिनों में आम जनता के लिए बैंकिग सेवाओं को लेकर एक अहम खबर है। ऐसे तो आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन इस बार, रविवार 27 सितंबर 2026 को देश के कई बैंक खुले रहेंगे। केंद्र सरकार ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में परेशानी न हो।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। ऐसे में बैंक शाखाओं से जुड़े काम लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकते थे। इसी को देखते हुए सरकार ने रविवार को बैंक खोलने का फैसला किया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी 27 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं जारी रखने की मंजूरी दे दी है।
27 सितंबर को खुले रहेंगे बैंक
वित्त मंत्रालय के अनुसार, सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर, रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे। इसका मकसद ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देना है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली समेत पूरे देश में 3 दिन बंद रहेंगे बैंक! SBI की चेतावनी-समय रहते निपटाएं जरूरी काम
RBI ने भी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार को चालू रखने की अनुमति दी है। हालांकि, बैंक जाने से पहले अपनी संबंधित शाखा के संचालन की जानकारी जरूर जांच लेना बेहतर होगा।
28 से 30 सितंबर तक हड़ताल
UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशभर में बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन का कहना है कि अगर उसकी प्रमुख मांगों पर ठोस और सकारात्मक प्रगति नहीं होती है तो हड़ताल जारी रहेगी। 22 सितंबर को हुई बातचीत के बाद भी यूनियनों ने हड़ताल वापस नहीं ली है। 26 सितंबर की छुट्टी, 27 सितंबर का रविवार और उसके बाद तीन दिन की हड़ताल के कारण कुछ जगहों पर लगातार पांच दिनों तक शाखा बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
पांच दिन की बैंकिंग है मुख्य मांग
बैंक कर्मचारी संगठनों की सबसे बड़ी मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। UFBU का कहना है कि पांच दिन बैंकिंग का मुद्दा मार्च 2024 के वेतन संशोधन समझौते में शामिल था, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया है।
यूनियन की दूसरी मांगों में पेंशन को अपडेट करना, सभी पेंशनधारकों के लिए महंगाई भत्ते का एक समान फॉर्मूला और NPS कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का विकल्प देना शामिल है। UFBU का दावा है कि वह बैंकिंग क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। इससे पहले 11 सितंबर को भी बैंक यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल की थी।
SBI ग्राहकों के लिए जरूरी बात
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) समेत दूसरे बैंकों के ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी शाखा वाले काम पहले ही निपटा लें। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों की कमी के कारण चेक, दस्तावेज, कैश और खाते से जुड़े कुछ काम प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, हड़ताल का मतलब यह नहीं है कि बैंकिंग की सभी सुविधाएं बंद हो जाएंगी।
ATM और UPI चलते रहेंगे?
ग्राहक जरूरत के हिसाब से ATM, ADWM, इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग, UPI और कस्टमर सर्विस पॉइंट (CSP) जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। फिर भी ATM में कैश की उपलब्धता और कुछ दूसरी सेवाओं का संचालन बैंक की स्थिति पर निर्भर कर सकता है। इसलिए जरूरी लेनदेन पहले कर लेना सुविधाजनक रहेगा।
30 सितंबर क्यों है खास?
30 सितंबर बैंकों की छमाही वित्तीय बंदी की तारीख भी है। इस दौरान हिसाब-किताब मिलाने, प्रावधान और ट्रेजरी व मार्केट से जुड़े जरूरी काम किए जाते हैं। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से हड़ताल टालने की अपील की है। वहीं, ग्राहकों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए 27 सितंबर को बैंक खोलने समेत कई इंतजाम किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: बैंक ऑफ बड़ौदा BGSSL में बंपर भर्ती, 12वीं पास और ग्रेजुएट्स के लिए 1,949 नौकरियां, कैसे करें आवेदन?