August 26, 2026

SBI से भी बड़े बैंक बनाने की तैयारी! सरकारी बैंकों को लेकर ये है प्लान

SBI से भी बड़े बैंक बनाने की तैयारी! सरकारी बैंकों को लेकर ये है प्लान

सरकारी बैंकों के महा-विलय की तैयारी?

एक दशक पहले तक भारत के सरकारी बैंक (PSB) भारी कर्ज व घाटे के बोझ तले दबे थे. लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह से बदल चुकी है. लगातार सुधरती बैलेंस शीट, कम होते बैड लोन (NPA) व शानदार मुनाफे के साथ ये बैंक मजबूती से खड़े हैं. अब सवाल ये है कि क्या इन चुनिंदा बैंकों को मिलाकर ग्लोबल स्तर के कुछ बेहद विशाल बैंक बनाने का समय आ गया है. प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) की एक नई रिपोर्ट में ठीक ऐसी ही सिफारिश की गई है.

बड़े बैंकों की जरूरत क्यों

भारत इस समय बुनियादी ढांचे, मैन्युफैक्चरिंग, रिन्यूएबल एनर्जी व तकनीक के क्षेत्र में भारी निवेश कर रहा है. इन बड़े प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने के लिए ऐसे बैंकों की दरकार है जिनकी रिस्क लेने की क्षमता बहुत ज्यादा हो. अगर दुनिया से तुलना करें तो भारत का सबसे बड़ा बैंक SBI अभी 43वें नंबर पर आता है. पिछले साल के आंकड़ों के मुताबिक SBI के पास करीब 846 अरब डॉलर की संपत्ति थी. वहीं दुनिया के दसवें सबसे बड़े बैंक की संपत्ति 2.6 ट्रिलियन डॉलर से अधिक थी. अगर भारत के सभी 12 सरकारी बैंकों को मिला भी दिया जाए, तब भी हम दुनिया के टॉप संस्थानों को टक्कर नहीं दे पाएंगे.

सिर्फ आकार बढ़ाना ही काफी नहीं

बैंकों का विलय कोई नई बात नहीं है. साल 2017 से 2020 के बीच सरकारी बैंकों की संख्या 27 से घटाकर 12 की गई थी. हालांकि तब विलय का मकसद कमजोर बैंकों को बचाना था. लेकिन इस बार मकसद कुछ अलग है. EAC-PM की रिपोर्ट बताती है कि केवल बैंकों का आकार बढ़ाने से ही वो सफल नहीं हो जाते. वित्त वर्ष 2026 के डेटा के अनुसार, केवल सात बैंक ही पैमाने के हिसाब से पूरी तरह से कुशल पाए गए हैं. बड़े विलय में तकनीक, कर्मचारियों के ढांचे व कॉर्पोरेट कल्चर को एक साथ मिलाने की भारी चुनौती होती है. इसके अलावा गवर्नेंस का मुद्दा भी अहम है. अगर बैंक बड़ा हो गया लेकिन उसका मैनेजमेंट कमजोर रहा, तो ये अर्थव्यवस्था के लिए एक नया जोखिम बन जाएगा.

क्या विलय की कोई ठोस योजना है

भले ही EAC-PM ने विशाल बैंक बनाने की वकालत की है, लेकिन ये फिलहाल सिर्फ एक रणनीतिक सुझाव है. सरकार की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर बैंकों के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है. कुछ महीनों पहले ही लोकसभा में साफ किया गया था कि फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं चल रहा है. फिर भी इस बहस को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. सरकारी बैंकों ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. दिसंबर 2025 के आंकड़ों के मुताबिक, बैंक क्रेडिट में सरकारी बैंकों की हिस्सेदारी 54.4% तक पहुंच गई है. ऐसे में विदेशी पूंजी निवेश की सीमा को 20% से बढ़ाकर 49% करने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा हो रही है.

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

Read More

google button