भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की SBI फाउंडेशन ने SBI प्लेटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस स्कॉलरशिप का फायदा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों को मिलेगा. इसके तहत कक्षा 9वीं से लेकर पोस्टग्रेजुएशन और विदेश में उच्च शिक्षा कर रहे छात्रों को आर्थिक मदद दी जाएगी. अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से स्कॉलरशिप की राशि ₹15,000 से लेकर ₹15 लाख सालाना तक है.
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन 22 जुलाई 2026 से शुरू हुए थे. अब आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर 2026 कर दी गई है. छात्र इस स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन और बिना किसी फीस के आवेदन कर सकते हैं.
कितनी मिलती है स्कॉलरशिप
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को ₹15,000 तक की स्कॉलरशिप मिल सकती है. इसके लिए पिछली कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत अंक या 7.5 CGPA होना जरूरी है. परिवार की सालाना आय ₹3 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. SC/ST छात्रों के लिए न्यूनतम अंक की सीमा 65 प्रतिशत और बेंचमार्क दिव्यांगता (PwBD) वाले छात्रों के लिए 60 प्रतिशत रखी गई है. ग्रेजुएशन करने वाले छात्रों को अधिकतम ₹75,000 की मदद मिल सकती है. छात्र का संस्थान NIRF की रेंकिंग टॉप 300 में होना चाहिए या उसे NAAC से A या उससे ऊपर की ग्रेड मिली हो. परिवार की सालाना आय ₹6 लाख तक होनी चाहिए.
पोस्टग्रेजुएशन के छात्रों को ₹1.5 लाख तक की स्कॉलरशिप दी जा सकती है. वहीं MBBS छात्रों के लिए यह राशि ₹2 लाख तक है. MBBS छात्रों को AIIMS या NIRF रैंकिंग वाले टॉप 50 मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करनी चाहिए और उनके पास मौजूदा या पिछले शैक्षणिक वर्ष का वैध NEET स्कोरकार्ड होना जरूरी है.
देश के 23 IIT में पढ़ने वाले छात्रों को ₹2 लाख तक की स्कॉलरशिप मिल सकती है. इसके लिए JEE Advanced का वैध स्कोरकार्ड और तय शैक्षणिक व आय संबंधी शर्तें पूरी करनी होंगी. वहीं 22 IIM में MBA/PGDM करने वाले छात्रों को ₹5 लाख तक की मदद मिल सकती है. इसके लिए CAT से जुड़ी पात्रता भी जरूरी है.
विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए सबसे ज्यादा ₹15 लाख तक की स्कॉलरशिप का प्रावधान है. यह मदद QS की टॉप 200 यूनिवर्सिटी में पोस्टग्रेजुएशन या उससे ऊपर की पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों को मिल सकती है. परिवार की सालाना आय ₹6 लाख तक होनी चाहिए. साथ ही संबंधित छात्रों के पास GRE, GMAT, MCAT, LNAT या LSAT में से जरूरी वैध स्कोरकार्ड होना चाहिए.
कैसे कर सकते हैं आवेदन?
आवेदन करने के लिए छात्रों को आधिकारिक SBI आशा स्कॉलरशिप पोर्टल पर अकाउंट बनाकर अपनी कैटेगरी चुननी होगी. इसके बाद आवेदन फॉर्म भरकर मार्कशीट, पहचान पत्र, आय प्रमाण, बैंक पासबुक, एडमिशन या बोनाफाइड प्रमाण और फीस से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे. जरूरत के अनुसार जाति प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, एंट्रेंस एग्जाम स्कोरकार्ड या ऑफर लेटर भी मांगा जा सकता है. ध्यान रखें कि आवेदन जमा करने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जा सकता. शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों के दस्तावेजों की जांच और फोन पर इंटरव्यू के बाद अंतिम चयन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- PF विवादों से मिलेगा छुटकारा! EPFO की VISHWAS 2026 स्कीम में कम होगी पेनल्टी

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More