बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने फिल्मों के साथ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी नई शुरुआत की है। उन्होंने अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘बीइंग सलमान खान’ लॉन्च किया है। इस चैनल के जरिए फैंस को अभिनेता की निजी और प्रोफेशनल जिंदगी से जुड़ी झलकियां देखने को मिलेंगी। इसके अलावा सलमान पर्दे के पीछे की गतिविधियों यानी बिहाइंड-द-सीन्स से जुड़ा कंटेंट भी साझा करेंगे।
मजेदार टीजर के साथ किया चैनल का ऐलान
सलमान खान ने अपने यूट्यूब चैनल की घोषणा एक दिलचस्प टीजर के जरिए की। इसमें वह अंग्रेजी के अल्फाबेट बोलते नजर आए। उन्होंने इस टीजर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, ‘शुरू से शुरू करते हैं... मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल। A से Z तक सब यहां मिलेगा।’
उनके इस अंदाज ने फैंस का ध्यान खींचा। अब उनके प्रशंसकों को एक नए प्लेटफॉर्म पर अभिनेता से जुड़ा कंटेंट देखने का मौका मिलेगा।
पहले वीडियो में सलमान बने टीचर और स्टूडेंट
सलमान खान के यूट्यूब चैनल का नाम ‘बीइंग सलमान खान’ है। चैनल के बायो में उन्होंने खुद को फिल्म अभिनेता, कलाकार, चित्रकार और मानवतावादी बताया है। साथ ही इसे अपना आधिकारिक चैनल भी बताया है।
चैनल लॉन्च करने के बाद सलमान ने अपना पहला वीडियो भी शेयर किया। इसमें वह टीचर बनकर शरीर के अलग-अलग अंगों के नाम सिखाते दिखाई देते हैं। खास बात यह है कि वीडियो में शिक्षक और छात्र, दोनों की भूमिका उन्होंने खुद निभाई है।
वीडियो के कैप्शन में सलमान ने लिखा, ‘सलमान सर की क्लास: बॉडी पार्ट्स, टीचर भी मैं और स्टूडेंट भी मैं।’ बताया गया है कि यह वीडियो पहले रिकॉर्ड किया गया था, जिसे अब उनके नए यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है।
लॉन्च के बाद 31 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स
सलमान खान के चैनल को लेकर फैंस में उत्सुकता दिखाई दे रही है। खबर लिखे जाने तक चैनल के सब्सक्राइबर्स की संख्या 31.4 हजार से अधिक हो चुकी थी। अभिनेता के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने के बाद उनके प्रशंसकों को उनसे जुड़ा नया कंटेंट मिलने की उम्मीद है।
सलमान के वीडियो पर फैंस के मजेदार कमेंट्स
पहले वीडियो में सलमान का हल्का-फुल्का अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद आ रहा है। वीडियो पर कई प्रशंसकों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने उन्हें ‘द ओजी सलमान खान’ कहा, जबकि दूसरे ने लिखा कि उन्हें सलमान के यूट्यूब चैनल शुरू करने की उम्मीद नहीं थी।
एक अन्य यूजर ने वीडियो की तारीफ की, वहीं एक फैन ने कमेंट किया, ‘वेलकम सलू भाई ऑन यूट्यूब।’ प्रशंसकों की इन प्रतिक्रियाओं के बीच अब देखना होगा कि सलमान अपने चैनल पर आगे किस तरह के वीडियो और खास कंटेंट साझा करते हैं।