July 24, 2026

रक्षक ही बने भक्षक! भोपाल में नाबालिग छात्रा से रेप के आरोप में SAF के 2 आरक्षक गिरफ्तार

Bhopal News: भोपाल में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. इस मामले में SAF (स्पेशल आर्म्ड फोर्स) के दो आरक्षकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने छात्रा को अपनी बेटी के जन्मदिन का बहाना बनाकर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. वहीं दूसरे आरोपी पर घटना के दौरान बाहर खड़े होकर पहरा देने का आरोप है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है.

बेटी के जन्मदिन का बहाना बनाकर बुलाया

पुलिस के मुताबिक, घटना 22 जुलाई की शाम की है. मुख्य आरोपी संतोष सेन, जो कि SAF में आरक्षक है. इस समय धार जिले में उसकी तैनाती है. संतोष ने एक परिचित के मोबाइल फोन से छात्रा को कॉल किया. उसने अपनी बेटी के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को मिलने के लिए बुलाया. शाम करीब 6:30 बजे छात्रा लाल परेड ग्राउंड के पास पहुंची. वहां संतोष सेन अपने साथी आरक्षक जितेंद्र राजपूत के साथ कार में मौजूद था. कार में जितेंद्र राजपूत का छोटा बेटा भी मौजूद था.

ये भी पढ़ें- कांस्टेबल ने बेटी की बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया, नाबालिग से किया रेप साथी पुलिसवाला बेटे के साथ देता रहा पहरा, भोपाल में दरिंदगी

दूसरे आरोपी पर पहरा देने का आरोप

आरोप है कि संतोष सेन छात्रा को एमपी नगर स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. वहीं दूसरा आरोपी जितेंद्र राजपूत मकान के बाहर खड़ा रहा. आने-जाने वालों पर नजर रखता रहा. घटना के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे. सबसे पहले कमला नगर थाने में जीरो FIR दर्ज की गई. बाद में मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का होने के कारण केस वहां ट्रांसफर कर दिया गया.

दोनों आरोपी गिरफ्तार

जहांगीराबाद पुलिस ने शिकायत मिलते ही दोनों आरोपियों गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, BNS और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके खिलाफ पॉक्सो, BNS और एससी/एसटी एक्ट के तहत सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

शुभम गुप्ता

शुभम गुप्ता

शुभम गुप्ता को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक से अधिक का अनुभव है. शुभम ने आरजीपीवी यूनिवर्सिटी से IT में इंजीनियरिंग की. इसके बाद ITMI से ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म सर्टिफिकेशन प्राप्त किया. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दिल्ली में “आज तक” से बतौर संवाददाता की, जहां आदर्श ग्राम योजना, नोटबंदी और मुद्रा योजना जैसी कई अहम रिपोर्ट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. दिल्ली में लगभग पांच साल काम करने के बाद शुभम ने अपने गृहप्रदेश मध्यप्रदेश का रुख किया और न्यूज़ नेशन से जुड़े. यहां उनकी कई खबरों ने व्यापक असर डाला, जैसे कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा घोटाले को उजागर करने के बाद सरकार को परीक्षा रद्द करनी पड़ी. साल 2020 में मध्यप्रदेश की राजनीति के ऐतिहासिक घटनाक्रम, कमलनाथ सरकार के पतन, को उन्होंने बेहद बारीकी से कवर किया. कोरोना काल में उन्होंने जान जोखिम में डालकर व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया, जिसके बाद सरकार को कई महत्वपूर्ण फैसले लेने पड़े. साल 2023 में शुभम गुप्ता नई भूमिका में TV9 भारतवर्ष के एमपी-सीजी ब्यूरो प्रमुख बने. यहां भी उन्होंने कई बड़े घोटाले उजागर किए, जैसे- बर्तन घोटाला, सर्पदंश घोटाला, धान घोटाला और डामर घोटाला. उनकी रिपोर्टिंग के बाद मुफ्त शव वाहन योजना को तत्काल प्रभाव से शुरू करना पड़ा. मुख्यमंत्री ने महज़ 9 घंटे में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Read More

google button