S Janaki Passes Away: भारतीय संगीत जगत की दिग्गज प्लेबैक सिंगर एस. जानकी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया। उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें मैसूर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर है। प्रशंसक उन्हें 'जानकी अम्मा' और 'साउथ इंडिया की नाइटिंगेल' के नाम से जानते थे।
पोती ने दी निधन की जानकारी
एस. जानकी की पोती अप्सरा वैद्युला ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि उनकी दादी ने परिवार के बीच शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। अप्सरा ने कहा कि दुनिया ने एक महान गायिका खो दी है, जबकि उनके परिवार ने एक स्नेही और दयालु सदस्य को खोया है। उन्होंने लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने की भी अपील की।
नौ साल की उम्र से शुरू हुआ संगीत का सफर
एस. जानकी का जन्म 23 अप्रैल 1938 को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के पल्लापाटला गांव में हुआ था। उनके पिता आयुर्वेदिक डॉक्टर थे। उन्होंने महज नौ साल की उम्र में पहली बार स्टेज पर प्रस्तुति दी और बाद में शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली।
करीब 20 साल की उम्र में वह चेन्नई पहुंचीं, जहां संगीतकार आर. सुदर्शनम के साथ काम करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने 1957 में तमिल फिल्म 'विधिइन विलायाट्टु' से प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की और फिर सफलता का ऐसा सफर शुरू हुआ जो छह दशक से ज्यादा तक चला।
20 भाषाओं में गाए हजारों गाने
एस. जानकी भारतीय सिनेमा की सबसे सफल प्लेबैक सिंगर्स में गिनी जाती हैं। उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, हिंदी, बंगाली, पंजाबी, उर्दू, ओड़िया, तुलु समेत लगभग 20 भाषाओं में 48 हजार से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए। उन्होंने फिल्मों के अलावा एल्बम, रेडियो और टेलीविजन के लिए भी अपनी आवाज दी।
हिंदी गानों से भी बनाई खास पहचान
हालांकि एस. जानकी की पहचान दक्षिण भारतीय फिल्मों से जुड़ी रही, लेकिन उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी कई यादगार गाने गाए। उनके लोकप्रिय हिंदी गीतों में 'यार बिना चैन कहां रे' और 'बोल बेबी बोल रॉक एन रोल' आज भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।
चार बार मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
अपने शानदार संगीत सफर में एस. जानकी को सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका के लिए चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले। इसके अलावा उन्हें कई प्रतिष्ठित राज्य और फिल्म पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। भारतीय संगीत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
पद्म भूषण लेने से किया था इनकार
साल 2013 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण देने की घोषणा की थी, लेकिन उन्होंने यह सम्मान लेने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि उन्हें यह सम्मान काफी देर से दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि दक्षिण भारत के कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक सम्मान और पहचान मिलनी चाहिए।
सितारों ने दी श्रद्धांजलि
एस. जानकी के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। रजनीकांत ने एक्स पर लिखा कि अपनी मधुर आवाज से कई पीढ़ियों का दिल जीतने वाली जानकी अम्मा हमेशा याद रहेंगी और उनकी आत्मा को शांति मिले।