September 1, 2026

Russia Attack: रूस का यूक्रेन का राजधानी कीव पर ड्रोन हमला, भारतीय नागरिक समेत 12 लोगों की मौत

Russia Attacks Kiev: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले साढ़े चार साल से जंग जारी है. इस बीच रूस ने एक बार फिर यूक्रन पर भीषण हमला किया है. जिसमें 12 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेस्की ने खुद इस हमले की जानकारी दी है.

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन में रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले में मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है. यह हमला ऐसे समय में किया गया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान के बिश्केक में चल रहे 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की.

कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेनी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि ये हमला मंगलवार तड़के किया गया. इन हमलों में 8 लोगों की मौत राजधानी कीव में हुई है. जबकि चार लोग ओब्लास्ट में मारे गए हैं. यूक्रेनी रेलवे के बोर्ड के अध्यक्ष ओलेक्सांद्र पर्त्सोव्स्की ने कहा है कि मृतकों में 6 यूक्रेनी रेलवे के कर्मचारी भी शामिल हैं.

In many cities and communities, work to address the aftermath of the Russian attack has been ongoing since last night – nearly 350 first responders are involved in Kyiv and the region alone. A significant number of jet-powered drones and ballistic missiles were used in the… pic.twitter.com/8cg4ik0V2F

— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) September 1, 2026

ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से किया हमला

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें कहा कि रूसी सेना ने रात भर हुए हमलों में बड़ी संख्या में जेट-पावर्ड ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया. इनसे कई इलाकों में रिहायशी और आम लोगों के इस्तेमाल वाले इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा.

रूसी हमले में 12 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

जेलेंस्की ने आगे कहा, "कुल मिलाकर, इस हमले में एक भारतीय नागरिक समेत 12 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए." इसके साथ ही राजधानी कीव में रेलवे डिपो पर हमले में सात लोगों की मौत हुई है. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि कीव में एक रेलवे डिपो पर हुए हमले में सात लोगों की मौत हो गई. हमले के बाद की स्थिति से निपटने के लिए कीव और उसके आस-पास के इलाकों में लगभग 350 बचावकर्मी तैनात किए गए हैं.

वहीं बोरिस्पिल में, पांच मंजिला अपार्टमेंट बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा और 50 लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला गया. जेलेंस्की के मुताबिक, शहर में चार लोगों की मौत हुई और 13 लोग घायल हुए. हमले में कई कारोबारों को भी नुकसान पहुंचा है.

ओडेसा और दूसरे इलाकों पर भी हमले

राजधानी कीव के अलावा ओडेसा और उसके आस-पास के इलाकों में भी रूस ने ग्लाइड बम और ड्रोन से हमले किये हैं. जिससे हजारों परिवार बिजली से वंचित हो गए. यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि इमरजेंसी टीमें बिजली बहाल करने के काम में जुटी हुई हैं. उन्होंने यह भी बताया कि रोमानिया के साथ बॉर्डर चेकपॉइंट और एक्सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा है. खेरसॉन, डोनेट्स्क, जापोरिज्जिया, खार्किव, चेर्निहाइव, जाइटॉमिर, सुमी और निप्रॉपेट्रोव्स्क इलाकों पर भी हमले हुए है.

ये भी पढ़ें: रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के होमटाउन पर किया ड्रोन अटैक, 14 लोगों की मौत; 121 घायल

जेलेंस्की ने की और एयर डिफेंस सिस्टम की मांग

इसके साथ ही जेलेंस्की ने कहा है कि जान-माल का नुकसान यूक्रेन की एयर डिफेंस क्षमताओं में कमी की वजह से हुआ है और उन्होंने एंटी-बैलिस्टिक सिस्टम की सप्लाई बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने कहा, "रूस हमेशा अपने हमलों की योजना इसी तरह बनाता है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान ली जा सके, और वह तभी सफल होता है जब एयर डिफेंस संसाधन कम हों."

ये भी पढ़ें: रूस में तैनात हुआ उत्तर कोरियाई मिसाइल सिस्टम, यूक्रेनी खुफिया विभाग का दावा- पुतिन के समर्थन में खुलकर उतरा किम जोंग