केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की RTO व्यवस्था पर टिप्पणी के बाद मध्यप्रदेश के परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि विभाग को तकनीक के साथ लगातार अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “शायद हम अपडेट करने में थोड़ा चूक गए।”
.
मंत्री के मुताबिक परिवहन विभाग की 60 सेवाएं ऑनलाइन की जा चुकी हैं, इनमें 52 सेवाएं फेसलेस हैं। इससे लोग घर बैठे इनका लाभ ले सकते हैं।
गडकरी ने 25 सितंबर को भोपाल में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में RTO अधिकारियों को संबोधित करते हुए फिटनेस और पंजीयन व्यवस्था में गड़बड़ी पर सख्त टिप्पणी की थी। उन्होंने गलत बस को मंजूरी मिलने पर संबंधित अधिकारी की नौकरी जाने की बात कही थी और RTO सेवाओं को अधिक से अधिक डिजिटल करने पर जोर दिया था।
‘पहले परिवहन विभाग था, सुविधा नहीं थी’
राव उदय प्रताप ने कहा कि प्रदेश में परिवहन विभाग तो था, लेकिन पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं थी। सरकार अब इसी कमी को दूर करने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है।
सुगम परिवहन सेवा को बस संचालन, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर के तीन आधारों पर विकसित किया जा रहा है।
6 महीने में 1500 बसें, निजी ऑपरेटर चलाएंगे
मंत्री के अनुसार अगले छह महीने में करीब 1500 बसें शुरू करने का लक्ष्य है। सरकार खुद बड़ी संख्या में बसें खरीदने के बजाय निजी बस ऑपरेटरों के माध्यम से सेवा संचालित करेगी। वर्ष 2029-30 तक पूरे मॉडल को PPP मोड में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
जहां से बसों की मांग आएगी, वहां निजी ऑपरेटरों के माध्यम से सेवा शुरू करने की व्यवस्था होगी। सरकार की भूमिका निगरानी, व्यवस्था की विसंगतियां दूर करने और ऑपरेटरों को जरूरी सहयोग देने की होगी।
बसों की रियल टाइम निगरानी, CCTV भी
सुगम परिवहन सेवा में इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए बसों की रियल टाइम निगरानी की जाएगी। बसों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे और कमांड सेंटर से बसों की लाइव लोकेशन, गति और संचालन पर नजर रखी जाएगी।
यात्रियों को भी ऑनलाइन बस की लोकेशन देखने की सुविधा मिलेगी। मंत्री ने कहा कि ट्रेन की तरह बस नंबर डालकर यह पता लगाया जा सकेगा कि बस इस समय कहां पहुंची है।
ड्राइवर-कंडक्टर की ट्रेनिंग पर जोर
नई व्यवस्था में ड्राइवरों की क्षमता, लाइसेंस और प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा। निजी बस संचालकों के ड्राइवर और कंडक्टरों की ट्रेनिंग कराई जाएगी, ताकि बड़े वाहनों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित किया जा सके।
15 साल की लाइफ, फिटनेस के आधार पर संचालन
मंत्री ने कहा कि बसों की लाइफ 15 साल रखी गई है। पुरानी बसें भी निर्धारित नियमों और फिटनेस मानकों के अनुसार चल सकेंगी। कांग्रेस के खटारा बसें चलाने के आरोप पर उन्होंने इसे भ्रम फैलाने वाला बताया।
जहां सुविधा नहीं, वहां बनेंगे बस स्टैंड
जिन क्षेत्रों में अभी परिवहन का पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है, वहां बस स्टैंड और डिपो विकसित किए जाएंगे। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए रास्ते में रुकने, रिफ्रेशमेंट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना है।
राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर बोले- ‘देर से करने की आदत’
राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर राव उदय प्रताप ने कहा कि “राहुल गांधी की हर चीज देर से करने की आदत है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अब नक्सलवाद खत्म होने और स्थिति सामान्य होने के बाद राहुल गांधी बालाघाट जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संवेदनाओं के लिए नहीं, बल्कि राजनीति के लिए वहां जा रहे हैं।
मास्टर प्लान से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि समय के साथ सभी चीजें आगे बढ़ रही हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तंज भी कसा।
गडकरी ने RTO अधिकारियों को क्या कहा था?
भोपाल में सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने बसों की फिटनेस और पंजीयन प्रक्रिया का जिक्र करते हुए RTO अधिकारियों को गलत बसों को मंजूरी नहीं देने की चेतावनी दी थी। उन्होंने RTO सेवाओं को डिजिटल करने और लोगों को कार्यालय के चक्कर से बचाने पर भी जोर दिया था।
गडकरी की टिप्पणी के बाद राव उदय प्रताप का जवाब विभाग में चल रहे डिजिटलीकरण और फेसलेस सेवाओं पर केंद्रित रहा।