Aug 15, 2026 07:00 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
प्रियांक ने कहा, ‘क्या आप जानते हैं कि एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (ASL) सुरक्षा किसे मिलती है? विदेश मंत्रालय, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री को। मोहन भागवत को भी यह सुरक्षा मिल रही है और इसका खर्च आपके टैक्स के पैसे से हो रहा है।’

मोहन भागवत और प्रियांक खरगे।
कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को मिली सिक्योरिटी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'क्या आप जानते हैं कि एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (ASL) सुरक्षा किसे मिलती है? विदेश मंत्रालय, भारत के गृह मंत्री और प्रधानमंत्री को। मोहन भागवत को भी यह सुरक्षा मिल रही है और इसका खर्च आपके टैक्स के पैसे से हो रहा है।' वहीं, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भारत और पाकिस्तान के संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। जरदारी ने दावा किया कि भारतीय अखंड भारत में विश्वास करते हैं, जबकि पाकिस्तान मुसलमानों का देश है और यहां रहने वाले हिंदू पाकिस्तान में ही रहना पसंद करेंगे। लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़िए शनिवार की टॉप-5 न्यूज...
भागवत की सुरक्षा पर प्रियांक खरगे ने उठाए सवाल, बोले- क्या RSS मेरी हत्या करवा देगा?
कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को मिली सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। शनिवार को कलबुर्गी में उन्होंने कहा कि एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (ASL) सुरक्षा आमतौर पर विदेश मंत्रालय, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री को मिलती है। उन्होंने दावा किया कि भागवत को भी इसी तरह की सुरक्षा दी गई है और इसका खर्च जनता के टैक्स से हो रहा है। खरगे ने सवाल उठाया कि कर्नाटक पुलिस किस आधार पर भागवत को सुरक्षा दे रही है। पढ़ें पूरी खबर...
लाल किला झूठ बोलने की जगह नहीं, अखिलेश का PM मोदी पर निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन को लेकर निशाना साधा है। महिला आरक्षण विधेयक का जिक्र किए जाने पर उन्होंने कहा कि लाल किला झूठ बोलने की जगह नहीं है। अखिलेश ने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 में ही पारित हो चुका है और इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर विभाजन को जश्न का विषय बनाने का भी आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर…
पाकिस्तान में हिंदू पूरी तरह स्वतंत्र हैं, यहीं रहना पसंद करेंगे: जरदारी
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर बयान दिया है। 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय अखंड भारत में विश्वास करते हैं, जबकि पाकिस्तान मुसलमानों का देश है। जरदारी ने दावा किया कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू यहीं रहना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में करीब चार प्रतिशत हिंदू आबादी है और वे अपने धर्म का पालन करने के लिए स्वतंत्र हैं। पढ़ें पूरी खबर…
प्रशांत किशोर फिर करेंगे बिहार यात्रा, एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी जन सुराज
बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अपनी आगामी राजनीतिक रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। प्रशांत किशोर जल्द ही बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। पार्टी ने राज्य में होने वाले आगामी चुनावों की भी तैयारी शुरू कर दी है। इस साल के अंत में प्रस्तावित विधान परिषद चुनाव में जन सुराज अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। इससे पहले भी पार्टी विधान परिषद चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत दिखा चुकी है। पढ़ें पूरी खबर…
ट्रंप के बयान पर ईरान का पलटवार, बोला- ट्वीट से होर्मुज पर कब्जा नहीं होगा
ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दिए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने युद्ध में ईरान को हराने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने की बात कही थी। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने एक्स पर कहा कि होर्मुज पर न तो किसी ट्वीट के जरिए कब्जा किया जा सकता है और न ही विमानवाहक पोत, सैन्य आदेश या चुनावी भाषण के जरिए। उन्होंने कहा कि ईरान न धमकियों से डरता है और न ही ताकत के प्रदर्शन के आगे झुकता है। पढ़ें पूरी खबर…
