August 30, 2026

स्टेशन पर टला हादसा: ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच फंसी महिला को RPF जवान ने बचाया, चलती गाड़ी में चढ़ने की कोशिश

मध्य प्रदेश के शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला का पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में फंस गई। इस दौरान वह कुछ दूर तक घिसटती भी रही। लेकिन प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ के एक जवान की सूझबूझ और फुर्ती से महिला की जान बच गई। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।



जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय महिला राखी के त्योहार पर अपने भाई को राखी बांधने शिवपुरी आई हुई थी। भुजरिया पर्व के बाद शनिवार को वह अशोकनगर स्थित अपने घर लौटने के लिए शिवपुरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर धीरे-धीरे रवाना हो रही थी। महिला ने जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी जल्दबाजी में उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के खतरनाक गैप में फंस गई और ट्रेन के साथ घिसटने लगी। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हर कोई सहम गया कि कहीं महिला ट्रेन के नीचे न आ जाए।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें-इंदौर: पुलिसकर्मी पर पत्नी से मारपीट का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंची बेटी को भी नहीं बख्शा, केस दर्ज

विज्ञापन



इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहायक उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार तिवारी की नजर महिला पर पड़ी। एएसआई तिवारी ने बताया कि उन्हें पहले ही आशंका हो गई थी कि महिला चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करेगी, इसलिए वे पहले से ही उसकी तरफ बढ़ रहे थे। जैसे ही महिला फिसली, वे दौड़कर उसके पास पहुंचे और बिना एक सेकंड गंवाए उसे खींचकर बाहर निकाल लिया। एएसआई की इस बहादुरी से महिला को खरोंच तक नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में महिला को सुरक्षित बैठाया गया और पानी पिलाया गया। वह काफी घबराई हुई थी।



यह पूरी घटना स्टेशन के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। रविवार को जब इसका फुटेज सामने आया तो आरपीएफ जवान की जमकर तारीफ होने लगी। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने कहा कि जवान की तत्परता से एक परिवार उजड़ने से बच गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। थोड़ी सी जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है। हमेशा समय से पहले स्टेशन पहुंचे और ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ें। वहीं आरपीएफ एएसआई वीरेंद्र कुमार तिवारी ने भी यात्रियों को समझाया कि प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच का गैप बहुत खतरनाक होता है। चलती ट्रेन में चढ़ना मौत को दावत देना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।