शाम 5 बजे वोटिंग पूरी होने के बाद मतगणना शुरू होनी थी, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने काउंटिंग टालते हुए ईवीएम को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल भेजने का फैसला सुना दिया। इस बात से नाराज उम्मीदवार और सैकड़ों अधिवक्ता भड़क गए तथा मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए। आइए जानते हैं और क्या हुआ...
रोहतक जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में हरिस्वरूप हुड्डा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया।
- Published: 12 Sep 2026, 11:41 AM IST
- Last Updated: 12 Sep 2026, 11:41 AM IST
Rohtak Bar Association election results: रोहतक जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में हरिस्वरूप हुड्डा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए प्रधान पद पर कब्जा जमा लिया है। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष दीपक हुड्डा को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। शुक्रवार आधी रात को नतीजों का ऐलान होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया।
रोहतक बार एसोसिएशन के विजयी उम्मीदवारों की सूची
| पद का नाम | विजयी उम्मीदवार |
| प्रधान (President) | हरिस्वरूप हुड्डा |
| उप-प्रधान (पुरुष) | मनीष कौशिक |
| उप-प्रधान (महिला) | किरण श्योराण |
| महासचिव (General Secretary) | करण सिंह नारंग |
| संयुक्त सचिव (Joint Secretary) | प्रियांका |
| पुस्तकालय प्रभारी (Library Incharge) | हेमंत लडवाल |
मतदान के बाद शुरू हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
नतीजों तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं रहा और शुक्रवार को मतदान खत्म होने के बाद देर रात तक पूरा ड्रामा देखने को मिला। सुबह 8 बजे के बजाय 9 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे संपन्न हुई। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू होनी थी, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ओपी पूनिया ने काउंटिंग टालते हुए ईवीएम को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल भेजने का फैसला सुना दिया। इस बात से नाराज उम्मीदवार और सैकड़ों अधिवक्ता भड़क गए तथा मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए।
4.5 घंटे की देरी के बाद एसडीएम को करना पड़ा हस्तक्षेप
वकीलों के विरोध और हंगामे को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। रात को एसडीएम आशीष शर्मा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाकर मौके पर भेजा गया। उन्होंने बार एसोसिएशन के संविधान के नियमों की समीक्षा की और तुरंत मतगणना शुरू कराने के आदेश दिए। इसके बाद वोटिंग खत्म होने के करीब साढ़े 4 घंटे बाद जाकर काउंटिंग शुरू हो सकी।
लोकेंद्र सिंह फोगाट का फिर चला 'राजनीतिक जादू'
इस चुनाव में बार एसोसिएशन के 8 बार प्रधान रह चुके दिग्गज नेता लोकेंद्र सिंह फोगाट का राजनीतिक दबदबा एक बार फिर साबित हुआ। हरिस्वरूप हुड्डा को लोकेंद्र फोगाट का मजबूत समर्थन हासिल था, जिसने जीत की राह आसान कर दी। इससे पहले पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल चुनाव में भी फोगाट की भांजी अंजलि सहरावत ने शानदार जीत दर्ज की थी।
समर्थकों ने कंधों पर उठाकर मनाया जश्न
रात 11 बजे के बाद जैसे ही चुनाव परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित हुए पूरे बार परिसर में जश्न का माहौल बन गया। उत्साही समर्थकों ने नए प्रधान हरिस्वरूप हुड्डा और वरिष्ठ अधिवक्ता लोकेंद्र सिंह फोगाट को कंधों पर उठा लिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूल-मालाओं के साथ देर रात तक जीत का उत्सव मनाया गया।