
सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार और भाई वीरेंद्रImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)
बिहार में एनडीए गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. पहले आरक्षण के मसले पर, फिर फरक्का और अब यूसीसी (UCC) और परिषद सभापति सीट को लेकर घमासान मचा है. यूसीसी के मसले पर तो जदयू-बीजेपी में जबरदस्त ठनी है. अब जदयू ने एक बड़ी बैठक भी बुला ली है. 18 सितंबर को जदयू कार्यालय में ये बैठक होनी है. इधर बिहार विधानसभा परिषद के सभापति सीट को लेकर भी जदयू और बीजेपी में घमासान है.
दरअसल, समझौते के तहत विधानसभा और विधान परिषद, दोनों के अध्यक्ष और सभापति का पद बीजेपी को गया था. विधान परिषद के सभापति के पद पर पहले से ही जदयू के अवधेश नारायण सिंह मौजूद हैं, लिहाजा बीजेपी उनके इस्तीफा का दबाव बना रही है. बीजेपी ने 17 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम भी दिया है यानी इस दिन परिषद के सभापति को इस्तीफा देना है.
वहीं, जदयू ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर फरक्का जल संधि भी खत्म करने का दबाव बनाया है. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष इसको लेकर बिहार के हर जिले की यात्रा कर रहे हैं, जिसे फरक्का यात्रा नाम दिया गया है. इन सबके बीच मंगलवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और नीतीश कुमार की मुलाकात को भी जदयू-बीजेपी के बीच चल रही इन विवादों से ही जोड़कर देखा जा रहा है.
सम्राट चौधरी ने बीजेपी नेताओं के साथ की थी बैठक
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में फरक्का जल संधि मुद्दे को लेकर सभी बीजेपी मंत्रियों को उनकी राय जानने के लिए तलब किया था. हालांकि बीजेपी नेताओं ने कहा कि बैठक ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी. सूत्रों का दावा है कि जेडीयू के साथ बिगड़ते संबंधों के कारण सम्राट चौधरी ने फरक्का मुद्दे पर चर्चा की. वहीं, एक राजनीतिक विश्लेषक ने कहा, ‘जिस तरह से जेडीयू फरक्का संधि का मुद्दा उठा रही है, उससे बीजेपी के साथ उसके टकराव का संकेत मिलता है. जेडीयू ऐसे मुद्दों को उठाकर केंद्र पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है’.
RJD विधायक का नीतीश कुमार को ऑफर
इधर NDA में मचे इस खींचतान पर राजद की भी नजर है. राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने तो नीतीश कुमार को ऑफर ही दे दिया है. भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में तो यूसीसी लागू नहीं करने देंगे, नीतीश कुमार ने भी स्टैंड ले लिया है. नीतीश कुमार से कहेंगे कि ऐसे लोगों को छोड़ें और इधर आएं, हमलोग मिलकर सरकार बनाएं.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के जन्मदिन पर BJP का मेगा अभियान, 10 राज्यों के 193 जिलों से गुजरेगी सेवा संकल्प बाइक यात्रा

रूपेश कुमार
लेखक TV9 भारतवर्ष में बिहार और झारखंड के ब्यूरो हेड हैं. इसके पहले वर्षों तक न्यूज़18 में काम किया है. लगभग तीन दशक से टीवी पत्रकारिता में फील्ड, डेस्क और वर्षों तक एंकरिंग भी करते रहे हैं.
Read More