
Renault की नई Hybrid SUVs पर बड़ा दांव, Duster से होगी शुरुआत
भारतीय बाजार में SUV की मांग लगातार बढ़ रही है. इसी को देखते हुए Renault अब भारत में अपने SUV पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है. कंपनी आने वाले समय में कई नई SUVs पेश कर सकती है. इनमें नई जनरेशन की Duster, एक बड़ी 7-सीटर SUV और आगे चलकर दूसरी हाइब्रिड SUVs भी शामिल हो सकती हैं.
Renault का खास फोकस हाइब्रिड तकनीक पर रहने वाला है. हाइब्रिड कारों में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी काम करती है। इससे पेट्रोल की खपत कम करने में मदद मिलती है और ग्राहक को पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती.
Renault Duster Hybrid की होगी अहम भूमिका
नई जनरेशन Renault Duster कंपनी की आने वाली सबसे खास SUVs में से एक होगी. भारत में इसे Renault Group Modular Platform यानी RGMP प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है. इस प्लेटफॉर्म पर पेट्रोल के साथ हाइब्रिड जैसे अलग-अलग पावरट्रेन इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई Duster में 1.8-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर दी जा सकती हैं. इनमें से एक मोटर इंजन को स्टार्ट करने और बिजली बनाने का काम करेगी, जबकि दूसरी मोटर पहियों को चलाने में मदद करेगी. इसमें 1.4kWh की बैटरी भी मिलने की उम्मीद है.इस हाइब्रिड सेटअप से करीब 160hp की पावर और 172Nm का टॉर्क मिल सकता है. अगर ये आंकड़े सही रहते हैं, तो Duster अपने सेगमेंट की दमदार हाइब्रिड SUVs में शामिल हो सकती है.
Duster से बड़ी होगी नई 7-सीटर SUV
Renault सिर्फ Duster तक सीमित नहीं रहने वाली है. कंपनी भारत में इससे बड़ी SUV लाने की भी तैयारी कर रही है. इसमें तीन रो में सीटें मिल सकती हैं, जिससे यह बड़े परिवारों के लिए एक बेहतर ऑप्शन बन सकती है.यह SUV भी RGMP प्लेटफॉर्म पर बेस्ड हो सकती है और इसमें Duster के साथ कई चीजें साझा की जा सकती हैं. भारत में इसका नाम अभी तय नहीं हुआ है. हालांकि, Boreal और Bigster जैसे नामों की चर्चा सामने आती रही है.
इस बड़ी SUV में भी Duster वाला 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन दिए जाने की उम्मीद है. इसका पावर आउटपुट भी करीब 160hp और 172Nm हो सकता है.
आगे और Hybrid SUVs लाने की तैयारी
Renault की हाइब्रिड रणनीति केवल Duster और 7-सीटर SUV तक सीमित नहीं रहने वाली है. कंपनी भारत के अलग-अलग SUV सेगमेंट के लिए नए मॉडल तैयार कर रही है. इसका मकसद भारतीय बाजार में अपनी पकड़ को मजबूत करना है.कंपनी 2027 में Bridger SUV को भारत में पेश कर सकती है. इसके बाद इसका हाइब्रिड वर्जन भी आने की संभावना है, जो 2028-29 के आसपास बाजार में दस्तक दे सकता है. इसमें 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद है.
कुल मिलाकर, Renault आने वाले साल में भारत में SUV के साथ-साथ हाइब्रिड तकनीक पर भी जोर देने वाली है. नई Duster इस रणनीति की शुरुआत कर सकती है, जबकि बड़ी 7-सीटर SUV और आने वाले समय के दूसरे मॉडल कंपनी की मौजूदगी को और मजबूत कर सकते हैं. हालांकि, इन मॉडल्स की लॉन्च टाइमलाइन, नाम और फीचर्स को लेकर Renault की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.
यह भी पढ़ें- प्रीमियम MPV खरीदने का शानदार मौका, इन 7-सीटर गाड़ियों पर मिल रहा ₹1.50 लाख तक का फायदा
एथेनॉल वाली कारों की रेस में Kia की एंट्री, E100 पर भी चल सकेगी ये SUV

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More