Mon, 13 Jul 2026 12:14 PM IST
यूटिलिटी डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Shikhar Baranawal Updated Mon, 13 Jul 2026 12:14 PM IST
सार
Refrigerator Air Circulation Guide: अक्सर ऐसा होता है कि लोग फ्रिज में जानबूझकर सामान नहीं रखते हैं, जिसके पीछे उनका तर्क होता है कि अधिक सामान रखने से बिजली बिल अधिक आता है। आपको बता दें कि यह एक गलत धारणा है, जिसके बारे में आपको विस्तार से जानना चाहिए।
Refrigerator Electricity Saving Tips : अक्सर घरों में इस बात को लेकर यह चर्चा होती रहती है कि फ्रिज को पूरा भरकर रखने से बिजली का बिल ज्यादा आता है। कुछ लोगों का ये भी मानते हैं कि फ्रिज भरा हो या खाली हो इससे उसके बिल पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। बहुत से लोग सोचते हैं कि फ्रिज में जितना कम सामान होगा, कंप्रेसर को उतनी ही कम मेहनत करनी पड़ेगी और बिजली बचेगी।
मगर विज्ञान और एक्सपर्ट्स का इस बारे में कुछ और ही कहना है, जो आम लोगों की सोच से काफी अलग है। आइए इस लेख में इस कंफ्यूजन को दूर करते हैं और जानते हैं कि फ्रिज में सामान रखने का सही तरीका क्या है जिससे आपका बिजली बिल कम आ सकता है।
पूरी तरह खाली फ्रिज खाता है ज्यादा बिजली - फोटो : AdobeStock
पूरी तरह खाली फ्रिज खाता है ज्यादा बिजली
जब फ्रिज पूरी तरह खाली होता है, तो उसके अंदर सिर्फ हवा भरी होती है। जब भी आप फ्रिज का दरवाजा खोलते हैं, तो वह ठंडी हवा तुरंत बाहर निकल जाती है और कमरे की गर्म हवा अंदर आ जाती है। इसके बाद कंप्रेसर को उस नई हवा को दोबारा ठंडा करने के लिए बहुत ज्यादा मशक्कत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत काफी बढ़ जाती है।
सामान रखने से बनी रहती है फ्रिज की ठंडक - फोटो : AdobeStock
सामान रखने से बनी रहती है फ्रिज की ठंडक
इसके विपरीत, जब फ्रिज में पर्याप्त सामान या पानी की बोतलें रखी होती हैं, तो वे ठंडक को अपने अंदर सोख करके रखती हैं। ऐसे में दरवाजा खोलने पर भी अंदर का तापमान अचानक नहीं बदलता क्योंकि ठोस सामान हवा की तरह तुरंत बाहर नहीं भागता। इससे कंप्रेसर पर बार-बार लोड नहीं पड़ता और आपकी बिजली की भारी बचत होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
ठूस-ठूस कर सामान भरना भी है नुकसानदेह - फोटो : AdobeStock
ठूस-ठूस कर सामान भरना भी है नुकसानदेह
हालांकि, फ्रिज को जरूरत से ज्यादा सामान से ठूस-ठूस कर भर देना भी एक बड़ी गलती है। अगर फ्रिज में बिल्कुल जगह नहीं होगी, तो उसके अंदर ठंडी हवा का फैलाव ठीक से नहीं हो पाएगा। हवा न घूमने के कारण कुछ हिस्सों में कूलिंग नहीं पहुंचेगी और कंप्रेसर को लगातार चलना पड़ेगा, जिससे न सिर्फ बिल बढ़ेगा बल्कि फ्रिज भी खराब हो सकता है।
विज्ञापन
बिजली बचाने के लिए अपनाएं यह 'गोल्डन रूल' - फोटो : AdobeStock
बिजली बचाने के लिए अपनाएं यह 'गोल्डन रूल'
बिजली बचाने का सबसे सही तरीका यह है कि आप अपने फ्रिज को हमेशा 70 से 80 फीसदी (70-80%) तक ही भरकर रखें। सामान को दीवारों से सटाकर न रखें ताकि हवा घूमने का रास्ता बना रहे। अगर फ्रिज खाली है, तो उसमें बस पानी से भरी कुछ बोतलें रख दें। साथ ही, फ्रिज का दरवाजा बार-बार खोलने या लंबे समय तक खुला छोड़ने की आदत से बचें। इतना करने से आपके फ्रिज के बिजली का बिल पहले से काफी कम हो जाएगा।