October 14, 2026

दिवाली शॉपिंग से पहले बिगड़ा बजट, Realme के लेटेस्ट स्मार्टफोन हुए महंगे, कंपनी ने बढ़ाईं कीमतें

दिवाली शॉपिंग से पहले बिगड़ा बजट, Realme के लेटेस्ट स्मार्टफोन हुए महंगे, कंपनी ने बढ़ाईं कीमतें

दिवाली से पहले Realme का झटका, Realme 16 और 16T के दाम 5,000 रुपये तक बढ़े

दिवाली से पहले नया स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो Realme के फोन्स की कीमतें आपका बजट बिगाड़ सकती हैं. चीनी स्मार्टफोन कंपनी ने अपने इस साल लॉन्च हुए दो मिड-बजट फोन Realme 16 और Realme 16T के दाम एक बार फिर बढ़ा दिए हैं. कंपनी ने दोनों स्मार्टफोन के सभी तीनों स्टोरेज वेरिएंट की कीमतों में बदलाव किया है. इनमें Realme 16 सबसे ज्यादा महंगा हुआ है, जिसके बेस वेरिएंट के लिए अब ग्राहकों को 5,000 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे.

खास बात यह है कि कंपनी इन दोनों स्मार्टफोन की कीमत पहले भी बढ़ा चुकी है. ऐसे में त्योहारों के सीजन में नया फोन खरीदने वालों को अब खरीदारी से पहले अपने बजट पर दोबारा नजर डालनी पड़ सकती है. आइए जानते हैं कि Realme 16 और Realme 16T के कौन-से वेरिएंट कितने महंगे हुए हैं.

Realme 16 की नई कीमतें

Realme 16 को तीन स्टोरेज वेरिएंट में पेश किया गया है. इसमें 8GB RAM के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज के विकल्प मिलते हैं. वहीं, इसका टॉप वेरिएंट 12GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ आता है. कंपनी ने इसके बेस वेरिएंट की कीमत 36,999 रुपये से बढ़ाकर 41,999 रुपये कर दी है. यानी अब इसे खरीदने के लिए पहले के मुकाबले 5,000 रुपये ज्यादा देने होंगे.

इसके 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत पहले 39,999 रुपये थी, जो अब बढ़कर 43,999 रुपये हो गई है. वहीं, 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट के लिए पहले 42,999 रुपये देने पड़ते थे. अब इसकी कीमत 47,999 रुपये हो गई है.

Realme 16T भी हुआ महंगा

Realme 16T की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है, हालांकि इसके दाम Realme 16 के मुकाबले कम बढ़े हैं. यह फोन 6GB RAM और 128GB स्टोरेज, 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के अलावा 8GB RAM और 256GB स्टोरेज के विकल्प में आता है. Realme 16T के बेस वेरिएंट की कीमत पहले 30,999 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 31,999 रुपये कर दिया गया है. यानी अब ग्राहकों को इसके लिए 1,000 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे.

इसी तरह, 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 32,999 रुपये से बढ़कर 33,999 रुपये हो गई है. इसके टॉप वेरिएंट की कीमत भी 35,999 रुपये से बढ़ाकर 36,999 रुपये कर दी गई है.

बड़ी बैटरी और AMOLED डिस्प्ले से लैस हैं फोन

फीचर्स की बात करें तो Realme 16 और Realme 16T दोनों में AMOLED डिस्प्ले और 50MP का रियर कैमरा मिलता है. कंपनी ने Realme 16 में 7,000mAh की बैटरी दी है, जबकि Realme 16T में इससे भी बड़ी 8,000mAh की बैटरी मिलती है.Realme 16T में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है. बड़ी बैटरी की वजह से ये फोन उन लोगों को आकर्षित कर सकते हैं, जो लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करना चाहते हैं.

हालांकि, कीमतों में इस बढ़ोतरी के बाद दोनों स्मार्टफोन खरीदने के इच्छुक ग्राहकों को नए दाम ध्यान में रखने होंगे. खासकर Realme 16 के बेस वेरिएंट पर सीधे 5,000 रुपये की बढ़ोतरी इसे पहले के मुकाबले काफी महंगा बना देती है.

यह भी पढ़ें- बच्चों के iPhone पर अब हर ऐप नहीं चलेगा, iOS 27 में Apple ने बदले पैरेंटल कंट्रोल के नियम

Amazon Sale 2026: सर्दियों की कर लें तैयारी, सेल में धड़ाम से गिरी Geyer की कीमतें

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.

Read More

google button