जयपुर24 मिनट पहलेलेखक: संजीव गर्ग
- कॉपी लिंक

राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के चुनाव की तारीख (29 सितंबर) जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे चुनाव की गहमागहमी भी तेज होती जा रही है। चुनाव अधिकारी ए.के. पांडे ने मंगलवार को आरसीए एकेडमी के नोटिस बोर्ड पर आरसीए चुनाव की वोटर लिस्ट और चुनाव लड़ने वाले अधिकारियों की फाइनल लिस्ट चस्पा कर दी। इस लिस्ट पर नजर दौड़ाई तो रोचक जानकारी मिली कि कैसे राजनीति से जुड़े लोग क्रिकेट की सत्ता में रुचि रखते हैं। इस लिस्ट में मंत्री, पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद, नेता पुत्र, पार्टी जिला अध्यक्ष और पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं तक के नाम शामिल हैं। रोचक बात यह है कि इनमें से ज्यादातर ऐसे हैं, जो कभी नेशनल लेवल या फिर स्टेट लेवल पर क्रिकेट खेले ही नहीं हैं। अब सभी की नजर पर आरसीए के जरिए अपनी राजनीति चमकाने पर है।
भाजपा और कांग्रेस के 2-2 विधायक शामिल
इस लिस्ट में भाजपा के दो विधायक जयदीप बिहाणी और दर्शन सिंह गुर्जर के साथ-साथ कांग्रेस के दो विधायक रतन देवासी और रोहित बोहरा का नाम भी शामिल है। जयदीप बिहाणी तो आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर भी रह चुके हैं।
सीपी जोशी और हेमंत मीणा का नाम भी शामिल
इस लिस्ट में पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के साथ-साथ भाजपा सरकार में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा का नाम भी शामिल है। सीपी जोशी तो पहले भी आरसीए के अध्यक्ष रह चुके हैं। नियमों के अनुसार मंत्री आरसीए चुनाव नहीं लड़ सकता। पूर्व प्रधान दौसा शोभना गुर्जर के साथ-साथ भाजपा के अन्य कार्यकर्ता और पूर्व सांसद प्रत्याशी रामपाल शर्मा का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है।
सिर्फ इन सचिवों को है वोटिंग राइट
जीएस उपाध्याय (अजमेर), पवन गोयल (अलवर), मनीष देव जोशी (बांसवाड़ा), अभिनव जैन (बारां), देवाराम चौधरी (बाड़मेर), शत्रुघ्न तिवारी (भरतपुर), रामपाल शर्मा (भीलवाड़ा), रतन सिंह (बीकानेर), राजकुमार माथुर (बूंदी), श्याम सिंह चौहान (चित्तौड़गढ़), सुशील शर्मा (चूरू), बृजकिशोर (दौसा), सुमेन्द्र तिवारी (धौलपुर), सुशील जैन (डूंगरपुर), मनीष धारणिया (हनुमानगढ़), राजेश ताम्बी (जयपुर), विमल शर्मा (जैसलमेर), सतीश व्यास (जालोर), फारुख अहमद (झालावाड़), हरिश्चंद्र सिंह (झुंझुनूं), अरिष्ठ सिंघवी (जोधपुर), राजेश सारस्वत (करौली), एसपी शर्मा (कोटा), राजेश बिश्नोई (नागौर),धर्मवीर शेखावत (पाली), पिंकेश जैन (प्रतापगढ़), गिर्राज सनाढ्य (राजसमंद), दीपक राज (सवाईमाधोपुर), सुभाष जोशी (सीकर), राजेश माथुर (सिरोही), विनोद सराहण (श्रीगंगानगर), विवेक व्यास (टोंक), मनोज चौधरी (उदयपुर), ओपी बेनीवाल (डीडवाना-कुचामन), रुगाराम (बालोतरा), राष्ट्रदीप यादव (खैरथल-तिजारा), गगन खोडा और पंकज सिंह (इंटरनेशनल खिलाड़ी)।
नहीं मिला आरसीए में रिकॉर्ड, आखिर 3 जिले नए जुड़े
फाइनल लिस्ट में 3 नए जिले भी जुड़ गए हैं। डीडी कुमावत के कन्वीनर रहते समय हुई एजीएम के रिकॉर्ड ही आरसीए चुनाव अधिकारी को उपलब्ध नहीं करा सका। सहायक चुनाव अधिकारी पीएस हाडा ने कहा, ‘उस एजीएम के रिकॉर्ड हमें उपलब्ध नहीं कराए गए। पूर्व सचिव ने इन जिलों को जोड़ा था। मोहित यादव के समय हुई एजीएम के रिकॉर्ड हमें जरूर मिले। आखिर बिना एजीएम के ही ये नए जिले जुड़ गए। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी लगी है। सभी आपत्तियां खारिज हुईं। सवाई माधोपुर को कोर्ट के आदेश से जोड़ा है।
ये 7 नेता पुत्र भी चुनाव लड़ने के हकदार
1. मोहित यादव (विधायक जसवंत यादव के पुत्र)।
2. आशीष तिवाड़ी (घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र)।
3. धनंजय खींवसर (मंत्री गजेन्द्र खींवसर के पुत्र)।
4. पराक्रम सिंह (पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के पुत्र)।
5. पवन दिलावर (मंत्री मदन दिलावर के पुत्र)।
6. प्रेम प्रताप मालवीय (महेन्द्रजीत मालवीय के पुत्र)।
7. विक्रम देवासी (मंत्री ओटाराम देवासी के पुत्र)।
.