भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जयपुर की टीम ने क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटर जोनल क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। कानपुर में 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित ‘RBI इंटर ऑफिस सेंट्रल जोन स्पोर्ट्स मीट 2026-27’ में जयपुर की टीम ने फाइनल मु
.
RBI जयपुर के स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब के महासचिव राजेश बिश्नोई (जूनियर) ने बताया कि फाइनल मुकाबले में जयपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ कसी हुई गेंदबाजी की और मेजबान कानपुर की टीम को 135 रन पर रोक दिया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयपुर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 16.2 ओवर में जीत हासिल कर ली। राजेश बिश्नोई (सीनियर) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि प्रणय शर्मा ने 35 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राजेश बिश्नोई (सीनियर) को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
गोपेश कुमार सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, टेबल टेनिस में भी मिला गोल्ड
क्रिकेट में खिताबी जीत के साथ RBI जयपुर के खिलाड़ियों ने अन्य खेलों में भी शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान प्रभावी गेंदबाजी करने वाले गोपेश कुमार को ‘टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ चुना गया।
वहीं, टेबल टेनिस के महिला वर्ग में RBI जयपुर की रानी चंद्रिमा जैन ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल जोन में स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जयपुर कार्यालय की खेल उपलब्धियों में एक और सम्मान जुड़ गया।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों को दी बधाई
खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों पर RBI जयपुर के क्षेत्रीय निदेशक रणजीव शंकर ने पूरी टीम को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल और उपलब्धि को प्रेरणादायी बताया।
इसके अलावा उप महाप्रबंधक राव क्षितिराज सिंह और रीतेश शर्मा ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने टीम को तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में योगदान देने वाले स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब के महासचिव राजेश बिश्नोई, उपाध्यक्ष अंशु जैन और कोषाध्यक्ष योगेश सैनी के प्रयासों की भी सराहना की।
RBI जयपुर की टीम की यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, सामूहिक प्रयास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है। क्रिकेट में खिताब का बचाव करने के साथ टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीतना भी जयपुर कार्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।