देश में जून 2026 के दौरान खुदरा महंगाई बढ़कर 4.38 फीसदी पर पहुंच गई है. खास बात यह है कि बीते 17 महीनों में पहली बार है ऐसा हुआ है जब महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 4 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर दर्ज की गई है. इससे पहले मई 2026 में खुदरा महंगाई 3.93 फीसदी थी. नए आंकड़ों ने आम लोगों से लेकर अर्थशास्त्रियों तक की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसका सीधा असर रोजमर्रा के खर्च और भविष्य की ब्याज दरों पर पड़ सकता है.
खाद्य पदार्थ और ईंधन बने महंगाई की बड़ी वजह
महंगाई में बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ा कारण खाद्य वस्तुओं और ईंधन की कीमतों में आई तेजी मानी जा रही है. सब्जियां, फल, अनाज और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों पर दबाव और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव ने भी ईंधन की लागत बढ़ाई है.
इसके अलावा, इस वर्ष मानसून को लेकर बनी अनिश्चितता ने कृषि उत्पादन और खाद्य आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, जिसका असर बाजार भाव पर दिखाई दे रहा है.
Retail inflation up at 4.38 pc in June, as against 3.93 pc in May: Govt data.
— Press Trust of India (@PTI_News) July 13, 2026
CPI में बदलाव के बाद पहली बड़ी बढ़ोतरी
सरकार ने इस वर्ष महंगाई मापने के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) में बदलाव किया है. इसमें नया आधार वर्ष अपनाने के साथ उपभोक्ताओं की बदलती खरीदारी की आदतों को भी शामिल किया गया है.
नए सिस्टम के तहत जून 2026 का यह अब तक का सबसे ऊंचा खुदरा महंगाई का आंकड़ा माना जा रहा है, जिससे आने वाले महीनों में महंगाई के रुझान पर विशेष नजर रखी जाएगी.
RBI का लक्ष्य क्या है?
भारतीय रिजर्व बैंक का उद्देश्य खुदरा महंगाई को 4 फीसदी के आसपास बनाए रखना है. हालांकि, मौद्रिक नीति ढांचे के अनुसार महंगाई 2 से 6 फीसदी के दायरे में रहने पर स्वीकार्य मानी जाती है. यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक लागू रहेगी.
यदि महंगाई लगातार ऊंचे स्तर पर बनी रहती है, तो केंद्रीय बैंक को मौद्रिक नीति में बदलाव करने की जरूरत पड़ सकती है.
क्या बढ़ सकती है EMI?
हाल ही में RBI ने अपनी मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर स्थिर रखा था और नीति का रुख 'न्यूट्रल' बनाए रखा था. हालांकि अब महंगाई बढ़ने के बाद विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले महीनों में कीमतों पर दबाव जारी रहता है, तो ब्याज दरों को लेकर केंद्रीय बैंक को सख्त रुख अपनाना पड़ सकता है.
यदि भविष्य में रेपो रेट बढ़ाया जाता है, तो बैंकों के होम लोन, कार लोन और अन्य कर्ज महंगे हो सकते हैं, जिससे लोगों की EMI बढ़ने की संभावना रहेगी.
आम लोगों पर क्या होगा असर?
लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे बड़ा असर आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ता है. यदि खाद्य वस्तुओं, एलपीजी, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक सामान की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, तो घरेलू खर्च बढ़ना तय है.
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में और तेजी आती है, तो भारत का आयात बिल बढ़ सकता है. इससे रुपये पर दबाव पड़ेगा और विदेशों से आने वाले सामान भी महंगे हो सकते हैं.
किन बातों पर रहेगी नजर?
फिलहाल सरकार की ओर से जारी जून 2026 के महंगाई के आंकड़े प्रोविजनल (अस्थायी) हैं और आवश्यकता पड़ने पर इनमें संशोधन किया जा सकता है. अब बाजार की नजर आगामी महीनों के महंगाई आंकड़ों, मानसून की स्थिति और RBI की अगली मौद्रिक नीति बैठक पर रहेगी.
यदि खाद्य आपूर्ति सामान्य रहती है और वैश्विक परिस्थितियों में सुधार होता है, तो महंगाई पर कुछ हद तक नियंत्रण संभव है. लेकिन यदि अंतरराष्ट्रीय तनाव और मौसम संबंधी चुनौतियां बनी रहती हैं, तो आम लोगों को आने वाले समय में महंगाई का दबाव और अधिक महसूस हो सकता है.
यह भी पढ़ें - शेयर बाजार में ट्रेडिंग करने जा रहे हैं? पहले समझिए Volume Analysis कैसे करता है आपकी मदद