October 19, 2026

Ranji Trophy Round-up: चिन्मय ने 400 रन ठोक रचा इतिहास, जीशान ने कराई यूपी की वापसी, बडोनी के दोहरे शतक से मजबूत स्थिति में दिल्ली - ranji trophy roundup day 2 chinmay sutar scripts history with 400 runs ayush badoni double century zeeshan ansari sarfaraz khan

रणजी ट्रॉफी में चिन्मय सुतार ने 400 रन बनाकर इतिहास रचा, जो प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ऐसा करने वाले दूसरे ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी एलीट के ग्रुप ए में गोवा के विरुद्ध पहले दिन रिंकू सिंह के शतक की बदौलत बड़ी मुश्किल से 202 रन तक पहुंच सकी उत्तर प्रदेश की टीम दूसरे दिन सोमवार को गेंदबाज जीशान अंसारी के पांच विकेट के दम पर गोवा को 164 रन पर ढेर करके मुकाबले में वापस लौट आई।

उत्तर प्रदेश ने अपनी दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान आर्यन जुयाल के शानदार अर्धशतक (नाबाद 60) चार विकेट पर 102 रन बनाकर 140 रन की बढ़त भी कायम कर ली। जुयाल के साथ कार्तिक यादव एक रन बनाकर क्रीज पर थे।

जीशान अंसारी ने कराई यूपी की वापसी

रणजी के इस सत्र में पहले मुकाबले में बिहार को पटखनी देकर आ रही उत्तर प्रदेश की टीम को गोवा के विरुद्ध कानपुर में चल रहे इस मुकाबले में जीशान अंसारी ने संजीवनी दी। उन्होंने 15 ओवर में मात्र 45 रन देकर पांच विकेट झटके। कार्तिक यादव और वंश चौधरी को भी दो-दो सफलता मिलीं।

गोवा के विकटों के पतझड़ के बीच प्रारंभिक बल्लेबाज शिवेंद्र भुजबल ही सर्वाधिक 44 रन बना सके। जबकि मध्यमक्रम में यश कसवांकर ने 36 रन का योगदान दिया। तीसरे दिन उत्तर प्रदेश के पास अपनी बढ़त को और पुष्ट करने के लिए छह विकेट होंगे, जिसमें उनके तरकश में पहली पारी में शतक लगाने वाले रिंकू सिंह भी शामिल हैं।

बडोनी के दोहरे शतक से दिल्ली का पहाड़ जैसा स्कोर

दिल्ली में चल रहे ग्रुप सी के मुकाबले में प्रियांश आर्या (199) के पहले दिन दोहरे शतक से चूकने के बाद यह कसर कप्तान आयुष बडोनी ने पूरी की। उन्होंने दूसरे दिन अपनी शतकीय पारी को आगे बढ़ते हुए कुल 246 गेंदों पर 217 रन बनाए। इससे दिल्ली ने गुजरात के विरुद्ध छह विकेट पर 648 रन का पहाड़ जैसा स्कोर बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी। दिल्ली के लिए सुमित माथुर ने 92 और अनुज रावत ने भी 61 रन बनाकर अहम योगदान दिया। जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक गुजरात ने दो विकेट पर 98 रन बना लिए थे, हालांकि वह अब भी 550 रन पीछे हैं।

बड़ौदा ने बिहार को खिलाया फॉलोऑन

वडोदरा में चल रहे ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में बड़ौदा के पहली पारी में 416 रन के जवाब में दूसरे दिन बिहार की पूरी टीम 166 रन पर ढेर हो गई। इसके चलते बिहार को फॉलोऑन खेलना पड़ा और दिन का खेल समाप्त होने तक उसने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट खोए चार रन बना लिए थे। बिहार पारी की हारी से बचने के लिए अब भी 246 रन से पीछे है। बड़ौदा के लिए पहली पारी में प्रियांशु मोलिया ने शानदार शतक लगाते हुए 132 रन बनाए। जबकि बिहार को जल्द समेटने में उनके गेंदबाज राज लिंबानी ने चार विकेट लेकर अहम योगदान दिया।

मुश्किल में फंसी गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर

श्रीनगर में ग्रुप ए में गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर के पहली पारी में 260 रन के जवाब में विदर्भ ने रविकुमार समर्थ (143) के दम पर 305 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक जम्मू-कश्मीर ने अपनी हालत और खराब कर ली जब उसने सात पर पर ही अपने चार विकेट गंवा दिए। इसमें नचिकेत भूटे ने तीन विकेट लिए। जम्मू-कश्मीर अब भी 38 रन से पीछे है। ग्रुप ए में ही पुडुचेरी में मध्य प्रदेश ने पांच विकेट पर 302 रन बनाकर पुडुचेरी पर पहली पारी के आधार पर 125 रन की बढ़त बना ली। इसमें कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 107) की शानदार पारी खेली।

बंगाल-सर्विसेज के बीच दूसरे दिन 15 विकेट गिरे

बंगाल और सर्विसेज के बीच दूसरे दिन स्पिनरों का दबदबा रहा और दोनों टीमें के कुल 15 विकेट गिरे। बंगाल की पहली पारी के 184 रनों के जवाब में सर्विसेज की टीम 122 रनों पर सिमट गई। बंगाल के स्पिनर शाहबाज अहमद और आमिर गनी ने 31 रन देकर चार विकेट चटकाए। बंगाल की टीम दूसरी पारी में 146 रनों पर सिमट गई। इससे इसमें सर्विसेज के स्पिनर राहुल सिंह ने पांच विकेट लिए। दूसरी पारी में 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक सर्विसेज का स्कोर बिना किसी नुकसान के 12 रन था।

सरफराज के शतक से मुंबई मजबूत

बिलासपुर में हिमाचल व मुंबई के मुकाबले में मुंबई ने सोमवार को दूसरे दिन सरफराज खान के अविजित शतक मुंबई ने चार विकेट पर 398 रन बना लिए। हिमाचल की पहली पारी 140 रन पर सिमट गई थी, इससे मुंबई की कुल 258 रन की बढ़त हो गई है। सरफराज 139 और आकाश आनंद 58 रन बनाकर क्रीज पर थे।

चिन्मय सुतार ने जड़े 400 रन

मिजोरम के चिन्मय सुतार ने सोमवार को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। सुथार ने यह दुर्लभ उपलब्धि नगालैंड के विरुद्ध रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच के दूसरे दिन हासिल की। उनसे पहले भारतीय बल्लेबाज भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर ने 1948 में महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए काठियावाड़ के विरुद्ध नाबाद 443 रन बनाए थे।

मिजोरम की टीम से जुड़ने से पहले मुंबई की तरफ से विजय हजारे ट्रॉफी खेल चुके सुतार 400 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 517 गेंद का सामना करके 46 चौके और सात छक्के लगाए। मिजोरम ने अपनी पहली पारी नौ विकेट 581 रन पर समाप्त घोषित की। उन्होंने आखिरी बल्लेबाज लालरेमपुइया छकछुआक के साथ मिलकर 169 रनों की साझेदारी की। मिजोरम ने 581 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक नागालैंड ने एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए हैं।