October 10, 2026

Ranji Trophy: शुभमन गिल के बिना ही शुरू होगा नया सीजन, पहले मैच में उतर रहे टीम इंडिया के ये स्टार

Ranji Trophy: शुभमन गिल के बिना ही शुरू होगा नया सीजन, पहले मैच में उतर रहे टीम इंडिया के ये स्टार

गिल पहला मैच नहीं खेलेंगे लेकिन जडेजा मैदान में उतरेंगे.Image Credit source: PTI

भारत के घरेलू क्रिकेट सीजन की शुरुआत तो दलीप ट्रॉफी के साथ ही हो गई थी लेकिन असली एक्शन अब शुरू होने जा रहा है. रविवार 11 अक्टूबर से देश के सबसे पुराने और सबसे बड़े फर्स्ट क्लास क्रिकेट टूर्नामेंट का नया सीजन शुरू हो रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों में रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में ग्रुप स्टेज के पहले दौर के मुकाबले रविवार से शुरू होंगे. इस बार लीग की शुरुआत खास होने जा रही है क्योंकि टीम इंडिया के कुछ प्रमुख खिलाड़ी इसका हिस्सा बनेंगे. हालांकि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल पहला मैच नहीं खेलेंगे.

सीजन के पहले मैच में नहीं गिल

रणजी ट्रॉफी का 92वां सीजन 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. इसके साथ ही अगले कुछ हफ्तों तक भारत के कई क्रिकेटर अपने प्रदर्शन से न सिर्फ अपनी-अपनी टीमों को जिताने की कोशिश करेंगे बल्कि भारतीय टीम की सेलेक्शन कमेटी का ध्यान खींचने की कोशिश करेंगे. मगर शुरुआती कुछ मुकाबलों में नजरें टीम इंडिया के सितारों पर रहेंगी, जिन्हें BCCI ने मैच खेलने को कहा है क्योंकि फिलहाल भारतीय टीम किसी टेस्ट या वनडे सीरीज में व्यस्त नहीं है.

यही कारण है कि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल के भी अपनी घरेलू टीम पंजाब के लिए खेलने की उम्मीद थी. हालांकि पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने पहले मैच के लिए जो स्क्वॉड जारी किया, उसमें गिल का नाम नहीं था. इसकी वजह क्या है, ये फिलहाल साफ नहीं है लेकिन पीटीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शुभमन गिल दूसरे मैच में उतर सकते हैं. पंजाब का पहला मैच एलीट ग्रुप B में शामिल पंजाब का पहला मैच असम से है. टीम की कप्तान पूर्व अंडर-19 कप्तान उदय सहारन कर रहे हैं.

टीम इंडिया के ये स्टार आएंगे नजर

शुभमन भले ही पहले मैच में न उतरें लेकिन टेस्ट उप-कप्तान केएल राहुल, स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल और दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए खेलते हुए दिख सकते हैं. सौराष्ट्र के लिए खेलने वाले जडेजा और मुंबई के बल्लेबाज जायसवाल तो तैयारी करते हुए नजर भी आए. वहीं सिराज के लिए ये सीजन बहुत खास होने वाला है क्योंकि वो पहली बार हैदराबाद की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे.

गिल-राहुल समेत इन खिलाड़ियों के पास रणजी ट्रॉफी के शुरुआती 2-3 मैच खेलने का अच्छा मौका है क्योंकि फिलहाल वनडे या टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम एक्शन में नहीं है. ऐसे में उनके पास न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज से पहले तैयारी करने का अच्छा मौका है. वहीं श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में व्यस्त हैं और फिर तुरंत ही न्यूजीलैंड रवाना हो जाएंगे. ऐसे में ये सभी शुरुआती मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button