October 18, 2026

Ranji Trophy: अकेले ही लड़े रिंकू सिंह, लगातार दूसरा शतक ठोका, पूरी टीम 202 रन पर ढेर

Ranji Trophy: अकेले ही लड़े रिंकू सिंह, लगातार दूसरा शतक ठोका, पूरी टीम 202 रन पर ढेर

रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश के लिए एक और लाजवाब पारी खेलीImage Credit source: PTI

न्यूजीलैंड दौरे के लिए हाल ही में भारतीय टी20 टीम का ऐलान हुआ था. उसी दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ इंडिया ए टीम का भी ऐलान हुआ था. मगर इन दोनों ही टीमों में उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज रिंकू सिंह को जगह नहीं मिली. कुछ महीनों पहले तक भारतीय टी20 टीम का अहम हिस्सा रहे रिंकू अब किसी भी स्क्वॉड में नहीं हैं. मगर इसके बावजूद वो खुद को साबित करने में जुटे हैं. रणजी ट्रॉफी 2026 में सीजन में लगातार 2 शतक जमाकर उन्होंने अपने बल्ले से जवाब दिया है.

आधे से ज्यादा रन रिंकू ने बनाए

कानपुर में रणजी ट्रॉफी में ग्रुप स्टेज के दूसरे दौर के मुकाबलों में उत्तर प्रदेश और गोवा आमने-सामने थे. मगर पिछले मैच में बड़ा स्कोर बनाने वाली उत्तर प्रदेश की बैटिंग लाइन-अप इस बार वो कमाल नहीं कर सकी और पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 202 रन पर ही ढेर हो गई. हालांकि, पहले मैच की तरह इस बार भी टीम के शीर्ष क्रम में सिर्फ माधव कौशिक और रिंकू सिंह ही रन बना सके, जबकि अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे.

मगर माधव कौशिक भी इस बार 45 रन से ज्यादा का योगदान नहीं दे सके. ऐसे में जब सिर्फ 137 रन तक ही उत्तर प्रदेश के 9 विकेट गिर गए थे, तब 150 रन बनते हुए भी नहीं दिख रहे थे. मगर ऐसे मौके पर ही बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने अपनी जुझारू बैटिंग का नजारा पेश किया. उन्होंने 11वें नंबर के बल्लेबाज वंश चौधरी के साथ मिलकर 65 रन की साझेदारी कर टीम को 202 रन तक पहुंचाया. इस पारी के दौरान ही रिंकू ने एक लाजवाब शतक जमाया.

लगातार दूसरा शतक, 60 से ज्यादा औसत

उनका इस सीजन में ये लगातार दूसरा शतक है. पिछले मैच में भी रिंकू ने 112 रन बनाए थे. इस बार वो 186 गेंदों में 118 रन की पारी खेलकर नाबाद लौटे. ये रिंकू के फर्स्ट क्लास करियर का 11वां शतक है, जिसने उनके बैटिंग औसत को 60 के पार पहुंचा दिया है. इस पारी के बावजूद रिंकू को किसी भी फॉर्मेट की भारतीय टीम में मौका मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है, जबकि इंडिया ए के दरवाजे भी फिलहाल नहीं खुल रहे हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button