October 13, 2026

Ranchi News: दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, 24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम

Ranchi News: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, विधि-व्यवस्था और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समय पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.

इसे भी पढ़ें: 

कानूनी लड़ाई में अपने ही वकील से हार गयी झारखंड सरकार
तेतुलिया लैंड स्कैम: शैलेश सिंह ने अपने और बेटे के नाम करोड़ों की संपत्ति खरीदी

बैठक में बिजली विभाग को दुर्गा पूजा के दौरान बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे सातों दिन कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही प्रमुख पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में बिजली कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया.

उपायुक्त ने सभी पूजा पंडाल समितियों को सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने और आवश्यक सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सुरक्षित रखने का निर्देश दिया. बिना सुरक्षा प्रमाण-पत्र के किसी भी पूजा पंडाल को अनुमति नहीं दिए जाने की बात भी कही गई. वहीं, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित कर पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान नशा मुक्ति अभियान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. रांची जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पूजा पंडालों में नशा मुक्ति से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा. इसके लिए पंडालों में जागरूकता संबंधी फ्लेक्स लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके.

इसके अलावा, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की साफ-सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटों की जांच, अग्निशमन व्यवस्था की तैयारी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया.

प्रतिमा विसर्जन को लेकर उपायुक्त ने विसर्जन घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रत्याशित घटना से निपटने के लिए पर्याप्त बल एवं संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए. साथ ही, आवश्यकतानुसार एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती को लेकर भी निर्देश दिया गया.

बैठक में जिले के विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ नगर निगम, बिजली विभाग, पथ निर्माण विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले में दुर्गा पूजा का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.