July 28, 2026

Ranchi News: सावन में जगमगाएगा पहाड़ी मंदिर क्षेत्र, 100 सफाई मित्रों की तैनाती, प्लास्टिक मुक्त रहेगा शिवालय

Ranchi: इस बार सावन महीना 30 जुलाई से शुरू हो होगा. जो सनातन-धर्मियों के लिए भगवान शिव को समर्पित होता है. जिसमें शिवभक्तों की भीड़ शिवालयों में उमड़ती है. इसे लेकर रांची नगर निगम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. 


नगर निगम ने शहर के पहाड़ी मंदिर, स्वर्णरेखा नदी स्थित कांवड़ जल उठाव स्थल, सुरेश्वर धाम चुटिया सहित प्रमुख शिवालयों में सफाई, पेयजल, लाइटों की व्यवस्था, शौचालय और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं की हैं. नगर निगम ने बताया कि पहाड़ी मंदिर परिसर और मार्ग पर 100 सफाई मित्रों की तैनाती की गई है. वहीं स्वर्णरेखा घाट पर 40 और शहर के विभिन्न मंदिरों के आसपास करीब 1200 सफाई कर्मी लगाए गए हैं.

आपात स्थिति के लिए QRT टीम अलर्ट पर 

सावन में तीन पालियों में सफाई अभियान चलेगा. रविवार और सोमवार को अतिरिक्त टीमों की तैनाती की जाएगी. वहीं, मंदिर मार्गों पर झाड़ू, कचरा उठाव, झाड़ियों की कटाई, ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा दवा का नियमित छिड़काव किया जाएगा. पहाड़ी मंदिर मार्ग और स्वर्णरेखा घाट के आसपास के गड्ढों को करीब 12 हाईवा स्टोन डस्ट डालकर समतल किया गया है. इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति या जलजमाव से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

इसे भी पढ़ें:

देवघर में DC बनाम DMO! टकराव से गरमाया प्रशासनिक महकमा, हटाने तक पहुंचा मामला
CID की पूछताछ के बाद पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते को छोड़ा गया, कल फिर होंगे तलब

स्ट्रीट लाइटों से जगमगाएगा मंदिर क्षेत्र

सावन के दौरान भक्तों की सुरक्षित आवाजाही के लिए नगर निगम ने पांच विशेष टीमों से पहाड़ी मंदिर, स्वर्णरेखा घाट और आसपास के क्षेत्रों में 364 स्ट्रीट लाइट की जांच-परखकर रोशनी की व्यवस्था की है. इनमें से 189 खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया है. पहाड़ी मंदिर, शनि मंदिर से अपर बाजार, शहीद चौक से बहु बाजार, चर्च रोड, प्रगति पथ और सुरेश्वर धाम मार्ग पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था भी की गई है.

रवि व सोमवार को अतिरिक्त पानी की व्यवस्था

श्रद्धालुओं के लिए प्रत्येक रविवार और सोमवार को पहाड़ी मंदिर मार्ग पर 8 वाटर टैंकर, स्वर्णरेखा कांवड़ जल उठाव स्थल और सुरेश्वर धाम समेत चुटिया में 4 वाटर टैंकर लगाए जाएंगे. सभी मॉड्यूलर और सुलभ शौचालयों की विशेष सफाई और नियमित रखरखाव के निर्देश दिए गए हैं.

शिवालयों के आसपास ‘नो प्लास्टिक जोन’ घोषित 

बरसात और तेज हवा के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए पहाड़ी मंदिर मार्ग पर करीब 40 पेड़ों के डालियों की छंटाई कराई गई है. वहीं पहाड़ी मंदिर और शहर के प्रमुख शिवालयों के आसपास ‘नो प्लास्टिक जोन’ घोषित किया गया है. नगर निगम ने दुकानदारों और श्रद्धालुओं से सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग नहीं करने की अपील की है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें