August 28, 2026

​Raksha Bandhan at CM Residence: 'बिटिया और बहना-यूपी का गहना', स्कूली बच्चियों ने सीएम योगी को बांधी राखी - Haribhoomi

लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 'बिटिया और बहना-यूपी का गहना' स्नेह बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा, जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की हर बेटी को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का भरोसा दिलाया।

Schoolgirls tied Rakhi to CM Yogi Adityanath (File photo)

स्कूली छात्राओं ने सीएम योगी आदित्यनाथ को बांधी राखी (फाइल फोटो।)

  • Published: 28 Aug 2026, 03:59 PM IST
  • Last Updated: 28 Aug 2026, 03:59 PM IST

लखनऊ : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास का आंगन शुक्रवार को बेटियों की खिलखिलाहट और उत्साह से गुलजार हो उठा। अवसर था 'बिटिया और बहना-यूपी का गहना' स्नेह बंधन कार्यक्रम का, जहां राजधानी के विभिन्न विद्यालयों से आई नन्हीं बच्चियों व छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तिलक लगाकर उनकी कलाई पर स्नेह की डोर बांधी। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चियों को दुलारते हुए उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

​रक्षाबंधन श्रद्धा, विश्वास और सामाजिक समरसता का पर्व: मुख्यमंत्री

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल कलाई पर धागा बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता का पावन प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बेटियां केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि समूचे प्रदेश और देश की शक्ति हैं। उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके सपनों को पंख देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

​कई प्रमुख विद्यालयों की छात्राएं रहीं मौजूद

कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मलिहाबाद, अटल आवासीय विद्यालय मोहनलालगंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर, गोसाईगंज, भारत स्काउट एंड गाइड्स, द संस्कृति स्कूल, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज और लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए-ब्लॉक, राजाजीपुरम समेत कई शिक्षण संस्थानों की छात्राएं शामिल हुईं। अद्रिका, अर्पिता, अंशिका, जाह्नवी, अंकिता, कोमल, आरोही, खुशी, दिव्या, अनायसा, स्तुति और तंजीम फातिमा आदि बच्चियों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इसके अलावा 'फ्रेंड्स ऑफ योगी परिवार' की वालंटियर्स ने भी मुख्यमंत्री को राखी भेजकर शुभकामनाएं दीं।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर आयोजित 'स्नेहबंधन' कार्यक्रम में आई प्रदेश की बेटियों से रक्षासूत्र बंधवाया और उनसे संवाद किया।

डबल इंजन सरकार में प्रदेश की बेटियां पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रही हैं, उन्हें सम्मान मिल रहा है और वे आत्मनिर्भर बनकर हर… pic.twitter.com/8DoJyE55Te

— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 28, 2026

छात्राओं से आत्मीय संवाद, नन्हीं अनायसा को दिया ऑटोग्राफ

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर विस्तृत बातचीत की। शैल कुमारी, अनन्या, समृद्धि, आयशा बानो, वैष्णवी, दिव्या, अभिलाषा, आराध्या, श्रेयसी, सृजा, अग्रिमा, माही और सुकैना आदि छात्राओं ने मुख्यमंत्री से कई रोचक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने द संस्कृति स्कूल की छात्रा अनायसा भार्गव को ऑटोग्राफ दिया।

​छात्रा नंदिनी ने भेंट किया हस्तनिर्मित कार्ड, सीएम ने खिंचवाई सेल्फी

उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर की कक्षा-8 की छात्रा नंदिनी ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से तैयार किया गया रक्षाबंधन बधाई कार्ड भेंट किया, जिसे देखकर मुख्यमंत्री ने उसकी कला और प्रतिभा की सराहना करते हुए हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्राओं के साथ सेल्फी ली और ग्रुप फोटो खिंचवाई। मुख्यमंत्री के साथ इस आत्मीय पल को साझा कर सभी बालिकाएं अत्यंत प्रफुल्लित नजर आईं।