Rajpal Yadav: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं. चेक बाउंस केस को लेकर उनके खिलाफ लगातार कानूनी कार्रवाई चल रही है और आए दिन इस मामले में नए अपडेट सामने आ रहे हैं. हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव की सजा को बरकरार रखते हुए उन्हें सरेंडर करने का निर्देश दिया था. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां मंगलवार को अभिनेता को फिलहाल बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को सरेंडर करने से अंतरिम छूट दे दी है, लेकिन इसके लिए उनके सामने 5 करोड़ रुपये जमा करने की शर्त रखी गई है.
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा राजपाल यादव की याचिका पर सुनवाई की. चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह आदेश पारित किया. एक्टर की ओर से वकील सौरभ त्रिवेदी ने मामले का जिक्र किया था.
ये भी पढ़ें: इंडस्ट्री की वो 3 एक्ट्रेस जिन्होंने 1 साल में ही 3-3 बार पार किए 200 करोड़ रुपये, बॉक्स ऑफिस पर किया राज
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
कोर्ट ने कहा कि अगर राजपाल यादव और अन्य याचिकाकर्ता बुधवार तक सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में 5 करोड़ रुपये जमा कर देते हैं, तो उन्हें फिलहाल सरेंडर करने से छूट दी जाएगी. इस मामले में मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य पक्षों से 15 सितंबर तक जवाब भी मांगा गया है.
10 सितंबर को करना था सरेंडर
दरअसल, दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक राजपाल यादव को 10 सितंबर को सरेंडर करना था. चेक बाउंस से जुड़े सात मामलों में हाई कोर्ट ने उनकी सजा को बरकरार रखा था. हर मामले में उन्हें तीन महीने की साधारण जेल की सजा सुनाई गई थी. हालांकि, सातों मामलों की सजा एक साथ चलने का निर्देश दिया गया था.
पहले भी जमा करनी थी बड़ी रकम
राजपाल यादव को इन मामलों में शिकायतकर्ता को बड़ी रकम का भुगतान करने का भी आदेश दिया गया था. जानकारी के मुताबिक, उन्हें करीब 7.5 करोड़ रुपये जमा करने थे. सुनवाई के दौरान पहले ही 2.25 करोड़ रुपये की राशि जमा की जा चुकी थी. अब सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल सरेंडर से राहत देते हुए 5 करोड़ रुपये जमा करने की शर्त रखी है.

पीयूष पांडे
प्रमुखत: सुप्रीम कोर्ट, वित्त मंत्रालय और भारतीय निर्वाचन आयोग की खबरों की जिम्मेदारी. पत्रकारिता में 22 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. हिंदुस्तान, अमर उजाला, दैनिक भास्कर और आज में सेवाएं दीं. खबरिया चैनल और अखबार के अलावा दैनिक भास्कर के डिजिटल प्लेटफॉर्म में जिम्मेदारी निभाई, जबकि ऑल इंडिया रेडियो के आमंत्रण पर कई विशिष्ट जनों के साक्षात्कार किए.
Read More