August 15, 2026

Rajasthan Weather: राजस्थान में फिर बदला मौसम का मिजाज, 18 जिलों में बारिश का अलर्ट; जानें आपके जिले का हाल - Haribhoomi

मानसून ट्रफ के उत्तर भारत की ओर खिसकने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर हुई हैं। शनिवार को जयपुर और भरतपुर संभाग समेत 18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है।

Rajasthan Weather

Rajasthan Weather

  • Published: 15 Aug 2026, 08:31 AM IST
  • Last Updated: 15 Aug 2026, 08:31 AM IST

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। मानसून ट्रफ के उत्तर भारत की ओर खिसकने के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। शुक्रवार को जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग और उदयपुर संभाग के अधिकांश जिलों में मौसम सूखा रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। अगले कुछ दिनों तक पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। 18 अगस्त तक जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई गई है।

इन संभागों में मौसम रहेगा शुष्क
बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से पूर्वी राजस्थान तक सीमित रहने का अनुमान है। वहीं जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। इससे प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में फिलहाल भारी बारिश से राहत मिलने की संभावना है।

अलवर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान अलवर जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। टहला में 64 MM, तिजारा में 60 MM और लक्ष्मणगढ़ में 39 MM बारिश हुई। इसके अलावा किशनगढ़बास में 30 MM, खैरथल में 25 MM और अलवर शहर में 30 MM पानी गिरा।

तेज बारिश के कारण अलवर शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। लगातार बारिश के चलते जिले की सिलीसेढ़ और मानसरोवर झीलों का जलस्तर भी 50 फीसदी से ज्यादा पहुंच गया है।

भरतपुर और आसपास भी बरसे बादल
भरतपुर के नदबई में 26 MM और नगर में 47 MM बारिश रिकॉर्ड हुई। करौली के टोडाभीम में 32 MM और सपोटरा में 17 MM पानी गिरा। सवाई माधोपुर के बामनवास में 44 MM और वजीरपुर में 13 MM बारिश हुई।

इसके अलावा राजसमंद के रेलमगरा में 24 MM, सिरोही के माउंट आबू में 16 MM, पिंडवाड़ा में 21 MM, उदयपुर के गोगुंदा में 12 MM और बांसवाड़ा में 13 MM बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में भी हुई बारिश
इन प्रमुख इलाकों के अलावा टोंक, सीकर, पाली, झालावाड़, हनुमानगढ़, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई।

फिलहाल मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर बना रह सकता है, जबकि प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।