Published: Friday, August 28, 2026, 15:55 [IST]
Rajasthan Vidya Sambal Yojana 2026: राजस्थान में सरकारी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सरकार विद्या संबल योजना के तहत बड़ी संख्या में गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति करने की तैयारी में है। इस योजना के जरिए करीब 76,791 पदों पर योग्य उम्मीदवारों को पढ़ाने का मौका मिल सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए अलग से लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर तैयार मेरिट से किया जाएगा।
हालांकि, यह नियमित सरकारी नौकरी नहीं होगी। चुने गए शिक्षकों को पढ़ाए गए घंटों के हिसाब से मानदेय दिया जाएगा और अधिकतम मासिक भुगतान पद के अनुसार तय रहेगा। कक्षा 1 से 8, 9 से 10 और 11 से 12 तक के लिए अलग-अलग मानदेय निर्धारित है।
76,791 पदों पर गेस्ट फैकल्टी
विद्या संबल योजना के तहत सरकारी स्कूलों और दूसरे शिक्षण संस्थानों में खाली पदों को जरूरत के अनुसार भरा जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब 76,791 गेस्ट फैकल्टी पदों पर नियुक्ति की तैयारी है। इसमें कक्षा 1 से 8 तक ग्रेड-3 शिक्षक, कक्षा 9 और 10 के वरिष्ठ अध्यापक तथा कक्षा 11 और 12 के व्याख्याता शामिल हैं। उच्च शिक्षा संस्थानों में भी जरूरत के अनुसार गेस्ट फैकल्टी रखी जा सकती है।
ये भी पढ़ें: RRB NTPC UG CBT 2 परीक्षा की तारीख घोषित, कब आएगा एडमिट कार्ड? चेक करें एग्जाम डेट
घंटे के हिसाब से मिलेगा मानदेय
गेस्ट फैकल्टी को नियमित सरकारी कर्मचारियों की तरह वेतन नहीं मिलेगा। भुगतान पढ़ाए गए घंटों के आधार पर किया जाएगा।
| पद | प्रति घंटा मानदेय | अधिकतम मासिक मानदेय |
|---|---|---|
| कक्षा 1-8 ग्रेड-3 शिक्षक | ₹300 | ₹21,000 |
| कक्षा 9-10 वरिष्ठ अध्यापक | ₹350 | ₹25,000 |
| कक्षा 11-12 व्याख्याता | ₹400 | ₹30,000 |
नहीं देनी होगी लिखित परीक्षा
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को अलग से कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर बनने वाली मेरिट से किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार शैक्षणिक योग्यता के लिए 75 प्रतिशत और प्रशैक्षणिक योग्यता व अनुभव के लिए 25 प्रतिशत अंक रखे जा सकते हैं। इससे संबंधित विषय में अच्छी योग्यता और अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को फायदा मिल सकता है।
सेवानिवृत्त शिक्षक भी कर सकेंगे आवेदन
इस योजना में पात्र सेवानिवृत्त शिक्षक भी गेस्ट फैकल्टी के तौर पर आवेदन कर सकेंगे। इससे अनुभवी शिक्षकों को दोबारा पढ़ाने का अवसर मिल सकता है।
कैसे होगा आवेदन?
गेस्ट फैकल्टी के लिए आवेदन संबंधित स्कूल, कॉलेज या शिक्षण संस्थान की ओर से जारी सूचना के अनुसार किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक आवेदन ऑफलाइन माध्यम से लिया जा सकता है और इसके लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं होगा। उम्मीदवारों को अपने क्षेत्र के स्कूल या संस्थान की ओर से जारी होने वाली सूचना पर नजर रखनी होगी। आवेदन के समय शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।
स्थायी सरकारी नौकरी नहीं होगी
उम्मीदवारों को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि विद्या संबल योजना के तहत नियुक्ति नियमित सरकारी नौकरी नहीं है। गेस्ट फैकल्टी की सेवा जरूरत के आधार पर अस्थायी होगी। यदि संबंधित पद पर नियमित शिक्षक की नियुक्ति हो जाती है या संस्थान में गेस्ट फैकल्टी की जरूरत नहीं रहती, तो सेवा समाप्त की जा सकती है। हालांकि, शिक्षण क्षेत्र में अनुभव हासिल करने वाले योग्य युवाओं के लिए यह अच्छा अवसर हो सकता है।
ये भी पढ़ें: RRB Recruitment 2026: रेलवे में 3,993 पदों पर निकली भर्ती, नोटिफिकेशन आउट, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया