September 16, 2026

Rajasthan civic polls: गिनती के वक्त EVM में आई थी खराबी, आज जयपुर के 5 बूथ पर फिर कराया जा रहा मतदान

Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय चुनाव 2026 में वोटों की गिनती के दौरान कुछ EVM में तकनीकी खराबी आ गई थी. इसके चलते आज जयपुर के 5 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग करवाई जा रही है. इन बूथों पर मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. नए मतदान के लिए नए मतपत्रों का उपयोग किया जा रहा है जबकि पुराने स्याही के निशान को नजरअंदाज किया जा रहा है.

बाएं हाथ के मिडिल फिंगर पर नई स्याही लगाई जा रही है. इन मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी. काउंटिंग के दौरान ईवीएम में खराबी की शिकायतें आई थीं. इसके बाद राज्य चुनाव आयोग ने जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत के कुछ चुने हुए बूथों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया. जयपुर में पांच बूथों पर दोबारा तदान हो रहा है.

इन 5 बूथों पर दोबारा मतदान

  • वार्ड नंबर 9 का बूथ 111
  • वार्ड नंबर 18 का बूथ 235
  • वार्ड नंबर 25 का बूथ 343
  • वार्ड नंबर 34 के बूथ 477 और 484

बाकी प्रभावित बूथ जोधपुर नगर निगम, कोटा नगर निगम और सुकेत नगर निगम के हैं. आयोग ने जिला अधिकारियों और वोटों की गिनती करने वाले अधिकारियों की रिपोर्ट देखी. इसमें पता चला कि मशीनों में खराबी की वजह से कुछ वोट दिख नहीं पाए. इन वोटों की संख्या उन बूथों पर दो सबसे नजदीकी उम्मीदवारों के मतों के अंतर से ज्यादा थी. इसी जांच के आधार पर आयोग ने प्रभावित बूथों पर दोबारा वोटिंग कराने का फैसला लिया. इससे पहले सोमवार को बीजेपी ने राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में शानदार जीत हासिल की.

10 नगर निगमों में से 4 पर BJP का कब्जा

राजस्थान के निकाय चुनाव में बीजेपी को फिर से शानदार जीत मिली है. 10 नगर निगमों में से 4 पर बीजेपी की जीत हुई है. पूरे राज्य में बीजेपी को 4 हजार से ज्यादा वार्डों में सफलता मिली है. कांग्रेस का प्रदर्शन भी अच्छा रहा. पार्टी ने बीजेपी के कई बड़े नेताओं के मजबूत इलाकों में अच्छी पैठ बनाई है. बागी उम्मीदवारों ने निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ा और कई जगहों पर नतीजे बदल दिए.

9 और 11 सितंबर को हुई थी वोटिंग

राजस्थान नगर निकाय चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को हुआ था. इस चरण में 162 नगर निकायों के लिए वोटिंग हुई थी जिनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाओं में चुनाव हुआ था. पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20 हजार से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. पहले चरण में शामिल चार नगर निगम अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा थे.

वहीं, दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को हुआ था. इस चरण में छह नगर निगम, 24 नगर परिषद तथा 117 नगरपालिकाओं में चुनाव हुए और कुल 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. इस फेज में जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली शामिल थे.

मुकेश झा

मुकेश झा

मुकेश झा पिछले 9 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वो मौजूदा समय में टीवी9 भारतवर्ष के डिजिटल प्लेटफॉर्म में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. 2017 में अमर उजाला के साथ उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की. उन्हें आकाशवाणी रेडियो के साथ भी काम करने का अनुभव है. ऑल इंडिया रोडियो दिल्ली में करीब एक दर्जन से अधिक प्रोग्राम कर चुके हैं. मुकेश को देश-दुनिया, राजनीति, खेल और साहित्य में खास रुचि है. साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी लिखने में दिलचस्पी है. मीडिया में नए प्रयोग को सीखने और समझने की ललक है. इन्हें एंकरिंग का भी शौक है. बिहार में मधुबनी से ताल्लुक रखने वाले मुकेश झा ओडिशा के संबलपुर यूनिवर्सिटी से बीसीए ग्रेजुएट हैं. इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा मुकेश प्रयाग संगीत समिति इलाहाबाद से तबला से भी ग्रेजुएट हैं.

Read More

google button