August 3, 2026

Raja Raghuvanshi Case: हत्याकांड में नया विवाद, शादी का ₹2.82 लाख कैटरिंग बिल बकाया; सोनम के पिता और राजा के भाई को कानूनी नोटिस - Haribhoomi

राजा रघुवंशी हत्याकांड के बीच शादी के कैटरिंग बिल का नया विवाद सामने आया है। कैटरर्स ने 2.82 लाख रुपये का बकाया भुगतान नहीं मिलने पर सोनम रघुवंशी के पिता और राजा के भाई को कानूनी नोटिस भेजा है।

sonam raghuvanshi

राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया विवाद

  • Published: 03 Aug 2026, 09:16 AM IST
  • Last Updated: 03 Aug 2026, 09:16 AM IST

इंदौर: चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब एक नया विवाद सामने आया है। इस बार मामला हत्या की जांच नहीं, बल्कि राजा और सोनम रघुवंशी की शादी के दौरान हुए कैटरिंग के बकाया भुगतान से जुड़ा है। शादी में भोजन व्यवस्था संभालने वाले कैटरर्स ने 2.82 लाख रुपये का भुगतान नहीं मिलने पर मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी के पिता गोविंद रघुवंशी और मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी को कानूनी नोटिस भेजा है।

अनुबंध 11,42,550 रुपये का तय हुआ था
जानकारी के अनुसार, राजा और सोनम की शादी 10 और 11 फरवरी 2025 को हुई थी। समारोह के लिए कैटरिंग का कुल अनुबंध 11,42,550 रुपये का तय हुआ था। कैटरर्स का दावा है कि परिवार की ओर से 8.60 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया, लेकिन 2,82,550 रुपये अब भी बकाया हैं।
कैटरर्स हितेश उर्फ जिम्मी रोहिरा की ओर से उनके वकील जयंत राठौर ने बताया कि बकाया राशि के भुगतान के लिए कानूनी नोटिस भेजकर 15 दिन का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। अब कैटरर्स सिविल कोर्ट में वसूली का दावा दायर करने के साथ-साथ पुलिस में शिकायत देकर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।

नया मामला दर्ज नहीं हुआ
वकील का कहना है कि प्रस्तावित शिकायत में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को भी सह-आरोपी बनाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस में नया मामला दर्ज नहीं हुआ है। इस बीच, राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मेघालय के शिलॉन्ग कोर्ट में सरेंडर कर चुकी है। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए तीन सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया था। सरेंडर के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सुनवाई फिलहाल अदालत में जारी
गौरतलब है कि मई 2025 में शादी के कुछ समय बाद राजा और सोनम मेघालय घूमने गए थे। 23 मई 2025 को दोनों के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद 2 जून 2025 को राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ था। पुलिस जांच में आरोप लगा कि सोनम ने अपने कथित प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इस मामले की सुनवाई फिलहाल अदालत में जारी है।