कोरबा में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) की परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बुधवार को प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
.
उन्होंने आरोप लगाया कि 265 पदों के लिए नियम के अनुसार 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना था। हालांकि, आयोग ने 608 अभ्यर्थियों को ही इंटरव्यू के लिए बुलाया। इससे 187 अभ्यर्थी इंटरव्यू से बाहर हो गए।
भाजपा सरकार पर झूठी घोषणाओं का आरोप
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद झूठी घोषणाएं और विज्ञापन हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार का कोई ठिकाना नहीं है। PSC परीक्षा की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है।
795 की जगह 608 अभ्यर्थियों को बुलाने पर सवाल
पूर्व मंत्री ने बताया कि 2024 की परीक्षा में 265 पदों के लिए नियम के अनुसार 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में बुलाया जाना था। आयोग ने 608 अभ्यर्थियों को ही बुलाया।
आयोग का कहना है कि बाकी अभ्यर्थी न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर सके। इस पर अग्रवाल ने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश में बेरोजगारी खत्म हो गई है?
स्वीपर पद के आवेदन का उदाहरण दिया
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्वीपर पद के लिए लाखों बीई और एमबीए डिग्री वाले लोग आवेदन करते हैं। ऐसे में PSC में योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने की बात पर संदेह होता है। उन्होंने आयोग से सभी अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक करने की मांग की।
एक जैसे जवाब, फिर भी अलग-अलग अंक देने का आरोप
जयसिंह अग्रवाल ने मूल्यांकन में असमानता का आरोप लगाया। उन्होंने दो अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, प्रश्न क्रमांक 5 में दोनों ने एक जैसा और सही जवाब लिखा था। इसके बावजूद एक अभ्यर्थी को 2 अंक मिले, जबकि दूसरे को 0 अंक दिया गया।
कई सवालों के मूल्यांकन में अंतर का दावा
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि माता राजिम, घरेलू हिंसा और बौद्ध धर्म के महानिर्वाण से जुड़े सवालों के मूल्यांकन में भी अंतर मिला है। उन्होंने इसे परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की ओर इशारा करने वाला बताया।
व्यापम भर्ती प्रक्रिया का दिया उदाहरण
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय व्यापम के जरिए भर्तियां पारदर्शी तरीके से होती थीं। पदोन्नति में भी छूट देकर युवाओं को अवसर दिया जाता था। उन्होंने कहा कि इसी तरह थोड़ी छूट देकर 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना चाहिए था।