September 7, 2026

Protein-Rich Recipe: पनीर वाला मूंग दाल चीला रेसिपी, जल्दी भी बनेगा

Sep 07, 2026 10:43 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Protein-Rich Breakfast Recipe: सुबह के नाश्ते में अगर कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट को लंबे समय तक भरा रखे, तो पनीर की स्टफिंग वाला मूंग दाल चीला एक सिंपल, हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन हो सकता है।

Paneer Stuffed Moong Dal Cheela Recipe

नाश्ते में कुछ हेल्दी, टेस्टी और जल्दी से बन जाने वाली रेसिपी चाहिए तो पनीर की स्टफिंग वाला मूंग दाल चीला ट्राई करें।

सुबह-सुबह ऐसा नाश्ता मिल जाए जो टेस्टी हो, हेल्दी हो, पेट भी भर दे और बनाने में ज्यादा मेहनत भी ना लगे, तो इससे अच्छा क्या होगा! पनीर वाला मूंग दाल चीला कुछ ऐसा ही नाश्ता है। मूंग दाल और पनीर दोनों में अच्छी मात्रा में प्रोटीन होता है, इसलिए यह नाश्ता दिन की अच्छी शुरुआत करने के लिए बढ़िया है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और स्वाद भी ऐसा होता है कि बच्चे और बड़े, दोनों इसे पसंद कर सकते हैं।

इसके लिए क्या-क्या चाहिए?

इस चीले को बनाने के लिए आपको मूंग दाल, पनीर, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक, जीरा, नमक और थोड़ा सा तेल चाहिए। अगर आपको पसंद हो तो पनीर की स्टफिंग में गाजर, शिमला मिर्च या दूसरी सब्जियां भी मिला सकते हैं।

ऐसे बनाएं मूंग दाल का चीला

स्टेप 1

मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटे पानी में भिगो दें। दाल नरम हो जाए तो उसका पानी निकालकर इसे पीस लें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर इसका घोल तैयार कर लें।

स्टेप 2

अब इस घोल में नमक, जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डाल दें। सारी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। घोल बहुत पतला नहीं होना चाहिए।

स्टेप 3

पनीर को हाथ से अच्छी तरह मसल लें। इसमें बारीक कटा प्याज, हरा धनिया, थोड़ा नमक और अपनी पसंद का मसाला डालकर मिला लें। चाहें तो इसमें थोड़ी कद्दूकस की हुई गाजर भी डाल सकते हैं।

स्टेप 4

तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं। अब एक करछी मूंग दाल का घोल तवे पर डालकर गोल-गोल फैलाएं। इसे मध्यम आंच पर पकने दें।

स्टेप 5

जब चीला नीचे से हल्का सुनहरा होने लगे, तब उसके ऊपर पनीर की स्टफिंग फैला दें। अब चीले को आधा मोड़कर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें, ताकि चीला हल्का कुरकुरा हो जाए।

स्टेप 6

बस आपका पनीर वाला मूंग दाल चीला तैयार है। इसे हरी चटनी, दही या टमाटर की चटनी के साथ गरमागरम परोसें।

इसे और टेस्टी कैसे बनाएं?

अगर आपको थोड़ा चटपटा खाना पसंद है, तो पनीर की स्टफिंग में थोड़ा चाट मसाला डाल सकते हैं। बच्चों के लिए बना रहे हैं तो हरी मिर्च छोड़ दें। आप चाहें तो पनीर के साथ थोड़ी गाजर, शिमला मिर्च या बारीक कटा पालक भी मिला सकते हैं।

चीला बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

दाल को अच्छी तरह भिगोना जरूरी है, इससे इसे पीसने में आसानी रहेगी। तवा बहुत ज्यादा गर्म होगा तो चीला ऊपर से जल्दी पक जाएगा और ठीक से नहीं बनेगा। इसलिए इसे मध्यम आंच पर ही पकाएं। तेल भी जरूरत के हिसाब से ही डालें।

अगर रोज पोहा, पराठा या ब्रेड खाकर बोर हो गए हैं, तो यह चीला एक बार जरूर बनाकर देखें। स्वाद बदलने के साथ नाश्ते में प्रोटीन भी जुड़ जाएगा। ऊपर से पनीर की स्टफिंग इसे और स्वादिष्ट बना देती है। यानी कम मेहनत में ऐसा नाश्ता तैयार, जिसे पूरा परिवार आराम से खा सकता है।

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।

करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।

विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।

पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें

See Less