Price Hike: बीएमडब्ल्यू F 450 GS के तीनों वेरिएंट्स की कीमतों में इजाफा हुआ है, इनमें टॉप मॉडल सबसे ज्यादा महंगा हुआ है।
बीएमडब्ल्यू F 450 GS के तीनों वेरिएंट्स महंगे हुए
- Published: 12 Sep 2026, 08:11 PM IST
- Last Updated: 12 Sep 2026, 08:11 PM IST
Price Hike: बीएमडब्ल्यू मोटरराड ने भारतीय बाजार में अपनी एडवेंचर मोटरसाइकिल एफ 450 जीएस की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने बाइक के भारत में लॉन्च होने के करीब पांच महीने बाद इसके तीनों वेरिएंट्स के दाम बढ़ाए हैं। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी टॉप-स्पेक जीएस ट्रॉफी वेरिएंट में हुई है, जिसकी कीमत अब ₹30,000 अधिक हो गई है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।
बीएमडब्ल्यू एफ 450 जीएस की नई कीमतें
वेरिएंट पुरानी कीमत नई कीमत कीमत में बढ़ोतरी
एफ 450 जीएस बेस ₹4.70 लाख ₹4.95 लाख ₹25,000
एफ 450 जीएस एक्सक्लूसिव ₹4.90 लाख ₹5.15 लाख ₹25,000
एफ 450 जीएस ट्रॉफी (ई-क्लच) ₹5.30 लाख ₹5.60 लाख ₹30,000
एंट्री-लेवल एफ 450 जीएस बेस की कीमत अब ₹4.95 लाख हो गई है, जबकि पहले इसकी कीमत ₹4.70 लाख थी। वहीं, एक्सक्लूसिव वेरिएंट की कीमत ₹4.90 लाख से बढ़कर ₹5.15 लाख हो गई है। सबसे महंगे जीएस ट्रॉफी वेरिएंट के लिए अब ₹5.60 लाख खर्च करने होंगे। इसमें ई-क्लच सिस्टम भी मिलता है।
इंजन और प्रदर्शन
कीमतों में बढ़ोतरी के अलावा बाइक में कोई मैकेनिकल या फीचर अपडेट नहीं किया गया है। बीएमडब्ल्यू एफ 450 जीएस में 420 सीसी का लिक्विड-कूल्ड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,750 आरपीएम पर 47 बीएचपी की पावर और 6,750 आरपीएम पर 43 एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है।
इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स और स्लिपर क्लच से जोड़ा गया है। कंपनी के मुताबिक, बाइक की टॉप स्पीड 165 किमी प्रति घंटा है और यह 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार महज 5.9 सेकंड में पकड़ सकती है। इसमें 14 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है और कंपनी 26 किमी प्रति लीटर से ज्यादा की माइलेज का दावा करती है।
फीचर्स और राइडिंग मोड
बीएमडब्ल्यू एफ 450 जीएस में 6.5 इंच का टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। इसके सभी वेरिएंट्स में रोड, रेन और एंड्यूरो राइडिंग मोड स्टैंडर्ड तौर पर मिलते हैं। वहीं, एक्सक्लूसिव और जीएस ट्रॉफी वेरिएंट्स में एंड्यूरो प्रो मोड के साथ ई-क्लच तकनीक भी दी गई है।
बाइक में एडजस्टेबल लीवर्स और हीटेड ग्रिप्स जैसे फीचर्स भी स्टैंडर्ड मिलते हैं।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग
एडवेंचर बाइक में आगे 19 इंच और पीछे 17 इंच के पहिए दिए गए हैं, जिन पर डुअल-पर्पस टायर लगे हैं। फ्रंट में 43 मिमी केवाईबी अपसाइड-डाउन फोर्क मिलता है, जिसमें रिबाउंड और कंप्रेशन एडजस्टमेंट की सुविधा है। पीछे केवाईबी मोनोशॉक दिया गया है, जिसमें प्रीलोड और रिबाउंड एडजस्टमेंट मिलता है।
दोनों सिरों पर 180 मिमी का सस्पेंशन ट्रैवल है, जबकि सीट की ऊंचाई 845 मिमी है। ब्रेकिंग के लिए आगे 310 मिमी डिस्क के साथ ब्रेम्बो 4-पिस्टन कैलिपर और पीछे 240 मिमी डिस्क के साथ सिंगल-पिस्टन कैलिपर दिया गया है। सुरक्षा के लिए एबीएस प्रो और डायनामिक ब्रेक कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
(मंजू कुमारी)