August 28, 2026

शादी के बाद भाई-बहन के रिश्ते में क्यों आती है दूरी? इसे कम करने के Practical तरीके

शादी के बाद भाई-बहन के रिश्ते में क्यों आती है दूरी? इसे कम करने के Practical तरीके

भाई बहन का रिश्ताImage Credit source: Getty Images

भाई-बहन का रिश्ता हमेशा नोक-झोंक भरा रहता है, लेकिन दोनों ही एक-दूसरे पर जान छिड़कते हैं. कई बार देखने में आता है कि शादी के बाद इनके बीच दूरियां आ जाती हैं. दरअसल शादी होने के बाद दोनों की ही जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं और प्राथमिकताएं भी बदलती हैं. इसके अलावा रोजमर्रा की भागदौड़ की वजह से कम्यूनिकेशन भी कम हो जाता है. कई बार भाई और बहन दोनों ही सोचते हैं कि वो क्यों पहले पहल करें. ऐसे में आपको अपनी भावनाओं के साथ ही कुछ प्रैक्टिकल तरीकों को अपनाकर रिश्ते में सुधार करने की कोशिश करनी चाहिए.

भाई-बहन की अब उतनी पहले जैसी बातें नहीं होती हैं. इसका मतलब ये नहीं है कि उनके बीच का प्यार खत्म हो गया है, लेकिन ये जरूर है कि रिश्ते पर नीरसता या उदासीनता की धूल जम जाती है, जिसे हटाना बेहद जरूरी होता है. रक्षाबंधन के इस खास मौके पर जानेंगे कि कैसे आप भाई-बहन अपने रिश्ते को पहले जैसा ही कर सकते हैं. दरअसल कई बार जब हम दिमाग से प्रैक्टिकल होकर सोचते हैं तो बहुत सारी चीजें क्लियर हो जाती हैं.

नई जिंदगियों को समझना शुरू करें

दरअसल शादी के बाद भाई-बहन के रिश्ते में दूरी आने की सबसे बड़ी वजहें भारतीय परिवारों में फैमिली जैसी भाभी-ननद, साले-बहनोई के बीच होने वाले थोड़े-बहुत मतभेद होते हैं. आप दोनों ही भाई-बहन को एक-दूसरे की जिंदगी के नए चैप्टर को खुले मन से अपनाना चाहिए. कई बार कुछ बातें अगर नजरअंदाज कर दी जाएं तो रिश्ते खूबसूरत बने रहते हैं. अपने जीवन साथियों को भी अपने इस रिश्ते से जोड़ लें.

कम्युनिकेशन लेकिन दखलंदाजी नहीं

बहनें भाई को जो चाहे कह सकती हैं. इसी तरह से भाई भी अपनी प्यारी बहना को कुछ कह दे तो ये एक प्यारी नोक-झोक बन जाती है. हालांकि ये समझना बहुत जरूरी हो जाता है कि शादी के बाद हमें एक-दूसरे की निजी जिंदगी में कम दखल देना चाहिए. आप फोन, मैसेज, फैमिली ग्रुप, वीडियो कॉल के जरिए एक दूसरे से हमेशा कम्यूनिकेशन बनाए रखें. अपने सुख-दुख बाटें, लेकिन निजी जिंदगी से जुड़े कमेंट करने से बचें.

पुरानी यादें कर लें ताजा

अगर आपको लग रहा है कि बस हम अपनी जिंदगियों में इतने बिजी हो गए हैं कि बात ही नहीं कर पाते हैं तो इस खास त्योहार के दिन अपनी पुरानी यादें ताजा कर लें. जैसे आप बचपन में कहां-कहां घूमने जाते थे. फेवरेट चीजें कौन सी थीं. एल्बम निकालकर पुराने फोटो और वीडियो देखें.

शिकायत नहीं बात करें

कई बार देखने में आता है कि भाई और बहन के मन में एक दूसरे को लेकर बहुत सारी शिकायते रहती हैं. इसी के चलते ज्यादातर बात बस शुरू होते ही या तो बहस में बदल जाती है या फिर बात बीच में ही रुक जाती है. ये तय करें कि अगली बार आप जो भी शिकायत होगी उसे ताने की तरह नहीं बल्कि खुलकर शांति से शेयर करें. भाई को भी इस चीज को समझना चाहिए. जैसे ‘तुम तो बात ही नहीं करते हो अब’ जैसी शिकायतों की बजाय आप खुद एक बार बात करना शुरू करके देखें.

ये भी पढ़ें: बाजार का नया अवतार- राखी बस धागा नहीं, ज्वैलरी वाला स्टाइल स्टेटमेंट

शशि सिंह

शशि सिंह

शशि सिंह टीवी9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से ताल्लुक रखने वाली शशि ने बरेली कॉलेज (महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय) से आर्ट्स से ग्रेजुएशन किया है और अमर उजाला से संबंद्ध इंस्टीट्यूट 'द आरोहन मीडिया स्कूल' से इंटीग्रेटेड डिजिटल मीडिया में पीजी डिप्लोमा कर चुकी हैं. इसके साथ ही अमर उजाला से ही इन्होंने बतौर जूनियर कंटेंट राइटर पत्रकारिता के करियर की शुरुआत की. वह रिलीजन, रिलेशनशिप, फूड, हेल्थ, और मनोरंजन जैसे टॉपिक्स पर लिखती हैं. इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन सालों से ज्यादा का अनुभव है. वहीं मनोरंजन के साथ राजनीति, क्राइम और देश-दुनिया की खबरों के लेखन में भी दिलचस्पी रखती हैं. इसके अलावा इन्होंने 'टेकवन स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन' से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री भी ली है. वह किताबें पढ़ने, कविताएं और शायरी लिखने-पढ़ने का शौक रखती हैं और नई-नई चीजों को एक्सप्लोर करना पसंद करती हैं.

Read More

google button