अगर सुरक्षित निवेश का ऑप्शन तलाश रहे हैं, तो फिर पोस्ट ऑफिस (Post Office) द्वारा चलाई जा रहीं सरकारी योजनाएं (Govt Schemes) आपके काम आ सकती हैं. इनमें एक खास स्कीम है, जो छोटा पैकेट बड़ा धमाका स्कीम भी है. इसमें हर महीने सिर्फ 5000 रुपये का निवेश करके आपका 8.50 लाख रुपये से ज्यादा का फंड जमा कर सकते हैं और खास बात ये है कि सिर्फ ब्याज से ही आपकी ढाई लाख रुपये से ज्यादा की कमाई हो जाएगी. ये धांसू पोस्ट ऑफिस योजना है, रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम (Post Office Recurring Deposit Scheme), आइए समझते हैं इस में कमाई का गणित...
रिस्क फ्री हैं पोस्ट ऑफिस स्कीम में निवेश
पोस्ट ऑफिस की स्मॉल सेविंग स्कीम को पॉपुलर बनाने में सबसे बड़ा रोल इस बात का रहता है, कि ये बिल्कुल रिस्क फ्री निवेश माना जाता है, क्योंकि निवेश छोटा हो या फिर बड़ा सभी की सुरक्षा की गारंटी खुद सरकार की होती है. साफ शब्दों में कहें, तो इन छोटी बचत योजनाओं में आपका पैसा डूबने का चांस ही नहीं, जितना चाहे पैसा लगाओ और उतना ज्यादा मुनाफा कमाओ.
रोजाना बचाएं, हर महीने लगाएं
Post Office RD Scheme की खास बात ये भी है कि इसमें आपको एकमुश्त मोटा निवेश करने की जरूरत नहीं, बल्कि आप रोजाना की गई अपनी छोटी-छोटी सी बचत को मंथली निवेश कर सकते हैं. 100 रुपये की छोटी सी रकम से अपने निवेश की शुरुआत कर सकते हैं और जितना चाहें, उतना पैसा भी लगा सकते हैं.
सम्बंधित ख़बरें
RD Scheme पर मिल रहा धांसू ब्याज
पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम पर ब्याज भी शानदार मिल रहा है, जो आपकी छोटी-छोटी सेविंग और निवेश को मोटे फंड में तब्दील कर सकता है. सरकार की ओर से ऑफर किया जा रहा ब्याज (Post Office RD Scheme Interest Rate) 6.7 फीसदी है. PO RD स्कीम में सिंगल या ज्वाइंट अकाउंट भी खुलवा सकते हैं. इस स्कीम में निवेश के लिए मैच्योरिटी पीरियड 5 साल का है और इसे 5 साल आगे बढ़ाने की सुविधा भी दी जाती है.
इस स्कीम में निवेश की शर्त ये है कि टाइम पर निवेश जारी रखा जाए, क्योंकि नियमों के तहत अगर किसी महीने आप इसमें समय पर किश्त चूक जाती है, तो फिर 1% प्रति माह की पेनाल्टी लगती है, अगर लगातार चार 4 किश्तें चूक जाती हैं तो फिर आरडी खाता ही क्लोज कर दिया जाता है.
कैसे सिर्फ ब्याज से ढाई लाख की कमाई?
अब इस पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम में ब्याज से तगड़ा कमाई का गणित समझें, तो मान लीजिए आप मंथली इस सरकारी योजना में 5,000 रुपये का निवेश शुरू करते हैं, तो फिर 6.7 फीसदी की ब्याज दर के हिसाब से पांच साल के मैच्योरिटी पीरियड में आपका फंड 3,56,830 रुपये होगा. अब आप इसे पांच साल के लिए आगे बढ़ाते हैं और अपना मंथली निवेश जारी रखते हैं, तो फिर 10 साल के बाद आपका जमा 6 लाख रुपये होगा और उस पर ब्याज से ही 2,54,272 रुपये की कमाई हो जाएगी. इससे कुल फंड 8,54,272 रुपये हो जाएगा.
---- समाप्त ----