'छी... घटिया भाषा, गंदी रील्स, कौन जन्म दे रहा है इन्हें?': कंगना रनौत ने 'कॉकरोच पार्टी' पर निकाली भड़ास
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कंगना रनौत का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के Gen Z प्रदर्शनकारियों के वायरल वीडियो पर अपनी भड़ास निकाली।
कंगना रनौत | Instagram
- Published: 27 Jul 2026, 06:15 PM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 06:15 PM IST
Kangana Ranaut: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत का रिएक्शन सामने आया है। कंगना ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े Gen Z प्रदर्शनकारियों के वायरल वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में सोशल मीडिया पर आंदोलन के दौरान और उसके बाद जश्न मनाते हुए प्रदर्शनकारियों के कई वीडियो सामने आए थे। इन वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि उन्हें इन्हें देखकर बेहद असहज महसूस हुआ।
इंस्टाग्राम स्टोरी पर निकाली भड़ास
कंगना रनौत ने सोमवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा-
“मैंने अपनी ज़िंदगी में कभी एक ही जगह पर इतनी बदसूरती नहीं देखी। Gen Z के विरोध-प्रदर्शनों की ये रील्स देखकर तो उल्टी आ जाए। जिस तरह से वे बात करते हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं- मैंने अपनी ज़िंदगी में कभी भी हर एक फ्रेम में इतनी खटकने वाली और भद्दी चीज़ें एक साथ नहीं देखीं। छी!... उन्हें कौन जन्म दे रहा है और पाल-पोस रहा है?"

एक्ट्रेस ने आगे लिखा- "भारत अलग-अलग तरह के खूबसूरत लोगों का देश है, जो शालीनता और सांस्कृतिक समझ से जुड़े हैं। आप खुद को कॉकरोच कहते हैं और उन्हीं की तरह दिखते और बर्ताव भी करते हैं - इसमें कोई विरोधाभास या अजीब बात नहीं है, बस आप दुनिया के सामने अपनी गंदगी, कचरा और बदसूरती ही पेश कर रहे हैं। इन रील्स ने मुझे परेशान कर दिया है, मुझे ठीक होने और डिजिटल डिटॉक्स की ज़रूरत है।"
NEET पेपर लीक आंदोलन के बाद वायरल हुए वीडियो
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर 37 दिनों तक प्रदर्शन करने वाले CJP कार्यकर्ताओं के जश्न मनाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। आंदोलन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा था।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद संगठन ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद सामने आए जश्न के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई, जिसमें कई लोगों ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया तो कई ने उनके रवैये की आलोचना की।
फिल्मों में भी व्यस्त हैं कंगना रनौत
वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत हाल ही में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आई थीं। आने वाले समय में वह 'क्वीन 2' में दिखाई देंगी। इसके अलावा उनके पास अभिनेता आर. माधवन के साथ भी एक नया प्रोजेक्ट है, जिसकी आधिकारिक घोषणा पहले ही हो चुकी है।