'बिजली नहीं रहती थी तो बढ़ गई आबादी', प्रह्लाद जोशी ने बताया जनसंख्या बढ़ने का गजब कारण, वीडियो वायरल
Published: Monday, July 27, 2026, 9:58 [IST]
Pralhad Joshi Viral Video: धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रह्लाद जोशी को प्रभार मिलते ही उनका एक पुराना वीडियो जमकर शेयर किया जा रहा है। ये वीडियो है साल 2023 का जो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है।
वीडियो कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान का बताया जा रहा है। वीडियो में प्रह्लाद जोशी कांग्रेस के 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे पर तंज कसते हुए नजर आ रहे हैं। जोशी ने उस समय गांवों में बिजली की कमी का जिक्र करते हुए एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसे लेकर अब सोशल मीडिया पर फिर बहस शुरू हो गई है।
वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के दौरान गांवों में 24 घंटे बिजली पहुंचने का भी दावा करते सुनाई देते हैं। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और पार्टी को 'करप्शन का रक्तबीजासुर' बताया था। पुराने बयान के दोबारा वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
ये भी पढ़ें: CJP आंदोलन खत्म होने के बाद भी क्यों घर लौटे अभिजीत दीपके, क्यों उठी सुरक्षा देने की मांग?
बिजली और जनसंख्या का बताया अजब कनेक्शन
वायरल वीडियो में प्रह्लाद जोशी कांग्रेस के मुफ्त बिजली के चुनावी वादे पर सवाल उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा था कि गांवों में बिजली की कमी के कारण लोगों के पास रात में करने के लिए कुछ नहीं होता था और इसी वजह से जनसंख्या बढ़ती गई। उन्होंने उस दौरान कहा था कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सत्ता में आती है तो गांवों में 24 घंटे बिजली की सुविधा शुरू की जाएगी। उनके बयान का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिसमें वह कहते सुनाई देते हैं कि 'बिजली की कमी होने के कारण ही जनसंख्या बढ़ती जा रही है।'
India's Population increased due to Congress 's inability to supply electricity: New Education Minister Pralhad Joshi 🤡
— 👑Che_ಕೃಷ್ಣ🇮🇳💛❤️ (@ChekrishnaCk) July 26, 2026
24 घंटे बिजली का भी किया था जिक्र
प्रह्लाद जोशी ने अपने उस बयान में गांवों में बिजली की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया था। उन्होंने कहा था कि पहले कई गांवों में बिजली की पर्याप्त सुविधा नहीं थी, जबकि मोदी सरकार के दौरान गांवों में 24 घंटे बिजली देने की दिशा में काम किया गया। उन्होंने कांग्रेस के 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे पर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि सरकार को केवल मुफ्त बिजली देने की बात करने के बजाय बिजली की बेहतर व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। इसी दौरान प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला बोला था। उन्होंने पार्टी को भ्रष्टाचार का 'रक्तबीजासुर' बताया था। उन्होंने कर्नाटक में लोकायुक्त की छापेमारी का भी जिक्र किया था। जोशी ने कहा था कि अगर कोई व्यक्ति गलत काम करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।
पुराना वीडियो फिर चर्चा में
अब 2023 के चुनावी दौर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स प्रह्लाद जोशी के पुराने बयान को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग उनके बयान की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे मीम मटेरियल मान रहे हैं। वीडियो पुराना है और मौजूदा समय में इसके दोबारा वायरल होने की वजह से सोशल मीडिया पर इसे लेकर नई बहस छिड़ गई है।
ये भी पढ़ें: इस्तेमाल के बाद प्रोटेस्टर्स को छोड़ भागी CJP? पुलिस केस नहीं होंगे वापस, कैमरे पर आए लोग झेलेंगे मुकदमा