नौबतपुर के मालती धारी कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-28 से आठ स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, प्राणी विज्ञान, रसायन विज्ञान और वनस्पति विज्ञान विषय शामिल हैं।
.
इसके अतिरिक्त, सत्र 2026-29 से BLIS, B.Com., B.Sc. बायोटेक्नोलॉजी और B.Sc. IT जैसे चार नए स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के संचालन को भी स्वीकृति मिल गई है। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन PPU समर्थ पोर्टल के माध्यम से जारी हैं।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अखिलेश कुमार ने एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल, सिंडिकेट और सीनेट से अनुमोदन मिलने के बाद इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
प्राचार्य ने यह भी बताया कि कॉलेज में वर्ष 2010 से एआईसीटीई की स्वीकृति के साथ बीसीए पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। एमबीए, एमसीए और बीबीए पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त हो चुका है।
एआईसीटीई की स्वीकृति मिलने के बाद इन पाठ्यक्रमों को सत्र 2027-28 से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
एलएलबी, बीएड और बीपीएड पाठ्यक्रम शुरू करने की भी योजना
भविष्य में कॉलेज पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी, तीन वर्षीय एलएलबी, चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड और बीपीएड पाठ्यक्रम शुरू करने की भी योजना बना रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय से एनओसी लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, साइबर सुरक्षा, आईसीटी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, वेब डिजाइनिंग, ब्यूटीशियन, टेलरिंग एंड एम्ब्रॉयडरी, ऑर्गेनिक फार्मिंग, फोटोग्राफी एंड वीडियोग्राफी सहित 17 नए रोजगारपरक व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव विश्वविद्यालय को भेजा जा रहा है।
प्राचार्य ने जोर दिया कि इन नए पाठ्यक्रमों से नौबतपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों, विशेषकर छात्राओं को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कॉलेज का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा, शोध, नवाचार, डिजिटल शिक्षण और उद्योगोन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देना है।
NAAC समन्वयक डॉ. विकास कुमार ने कहा कि पीजी और व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को स्नातक के बाद उच्च शिक्षा जारी रखने का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर डॉ. श्वेता बाला, डॉ. ऋषिकेश कुमार, डॉ. गोरख राम, डॉ. अभय कुमार झा, डॉ. संजुक्ता मयूरी और डॉ. राजीव कुमार रंजन सहित सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।
प्राचार्य ने छात्रों से पीपीयू समर्थ पोर्टल पर आवेदन करते समय मालती धारी कॉलेज को प्रथम वरीयता देने की अपील भी की।