July 23, 2026

महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा; विश्वास सारंग ने दिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के कड़े निर्देश| Navbharat Live

महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा; विश्वास सारंग ने दिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के कड़े निर्देश

विज्ञापन

सार

Vishwas Sarang In Action Mode: नाथुबरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के फेस-1 का जल्द होगा लोकार्पण, विश्वास सारंग ने किया निरीक्षण, महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों का लिया जायजा।

Madhya Pradesh Minister Vishvas Sarang reviewed the preparations for the Women's Asian Championship and directed officials to ensure all arrangements meet international standards

मंत्री विश्वास सारंग (फोटो सोर्स- नवभारत)

विस्तार

Vishwas Sarang Sport Complex Inspection: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को नाथुबरखेड़ा स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ परिसर का विस्तृत भ्रमण कर खेल अधोसंरचना, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के फेस 1 का जल्द होगा लोकार्पण

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि नाथुबरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के फेस-1 का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा। फेस-1 के प्रारंभ होने के साथ ही यहां एथलेटिक्स, हॉकी एवं फुटबॉल की खेल गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी। इन खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए गए मैदान एवं अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराएंगी।

सम्बंधित ख़बरें

मंत्री विश्वास सारंग ने कही बड़ी बात

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार का उद्देश्य मध्य प्रदेश में ऐसी खेल अधोसंरचना विकसित करना है, जहां प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों। यह परिसर भविष्य में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और बड़े खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विश्वास सारंग ने की एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा

निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के आयोजन से पूर्व एथलेटिक्स ट्रैक, हॉकी टर्फ, फुटबॉल मैदान, खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम, मेडिकल सुविधाएं, दर्शक दीर्घा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, आईटी नेटवर्क तथा अन्य सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री सारंग ने अधिकारियों को दिए यह निर्देश

मंत्री सारंग ने परिसर में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सड़क संपर्क, हरित क्षेत्र, फायर सेफ्टी, साइनेज, विद्युत एवं जल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था तथा प्रशासनिक भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सार्वजनिक सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप हो तथा समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट भी किया जाएगा

मंत्री विश्वास सारंग ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित तकनीकी निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यकतानुसार थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया जाए। साथ ही परिसर में सौर ऊर्जा के उपयोग, आधुनिक कैफेटेरिया, पर्याप्त पार्किंग, हरित विकास एवं अन्य जनसुविधाओं को भी प्राथमिकता के साथ विकसित किया जाए।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर में पुलिस कस्टडी से भागा सीरियल किलर हनी दुबे गिरफ्तार; थाने से 100 मीटर दूर छिपा था खूंखार हत्यारा

मंत्री सारंग ने कहा कि नाथुबरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स केवल एक खेल परिसर नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की नई खेल पहचान का प्रतीक बनने जा रहा है। यहां विकसित हो रही विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदेश के खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में भी प्रदेश को अग्रणी बनाएंगी। निरीक्षण के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow Navbharatlive whatsapp