July 22, 2026

भोपाल: राहुल गांधी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, व्यापम चौराहे पर नारेबाजी, कांग्रेस ने गुलाब से किया स्वागत| Navbharat Live

भोपाल: राहुल गांधी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, व्यापम चौराहे पर नारेबाजी, कांग्रेस ने गुलाब से किया स्वागत

विज्ञापन

सार

Bhopal News : भोपाल के व्यापम चौराहे पर राहुल गांधी के विरोध में भाजपा ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने गुलाब के फूल लेकर भाजपा नेताओं के स्वागत की तैयारी की।

Bhopal BJP Protest

बीजेपी का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)

विस्तार

Bhopal BJP Protest: राजधानी भोपाल में बुधवार को व्यापम चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव और प्रदर्शन के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने इस प्रदर्शन को लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में पार्टी के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास का घेराव लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस से इस तरह की राजनीति से बचने की अपील भी की।

गुलाब का फूल देकर स्वागत

दूसरी ओर, कांग्रेस ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ता हाथों में गुलाब के फूल लेकर खड़े रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का फूल देकर स्वागत करेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इस दौरान कुछ समय के लिए दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने भी आए, लेकिन किसी तरह का तनाव या झड़प नहीं हुई।

सम्बंधित ख़बरें

गुलाब लेकर खड़े कांग्रेसी (फोटो सोर्स- नवभारत)

अलर्ट मोड पर रहा पुलिस-प्रशासन

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। व्यापम चौराहे, कांग्रेस कार्यालय और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को निर्धारित सीमा से आगे बढ़ने से रोक दिया। पूरे प्रदर्शन के दौरान पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए रही। कुछ देर तक नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन चलने के बाद भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वापस लौट गए। हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे और पुलिस को वाटर कैनन या बल प्रयोग की आवश्यकता नहीं पड़ी।

ये भी पढ़ें : MP विधानसभा में हंगामा: उमंग सिंघार ने उठाया दिल्ली में छात्रों की पिटाई का मामला, अध्यक्ष का चर्चा से इनकार

कई जगहों पर हुए प्रदर्शन

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की थी। इसी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन आयोजित किए। भोपाल का व्यापम चौराहा भी इन्हीं विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहा, जहां भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने तरीके से राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया।

Follow Navbharatlive whatsapp