न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार को साफ कहा कि अगर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू न्यूयॉर्क आते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कराने का कानूनी अधिकार उनके पास नहीं है. ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर बताया कि उनकी टीम ने यह जांच की कि क्या न्यूयॉर्क सिटी, अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) के गिरफ्तारी वारंट को लागू कर सकती है. कानूनी राय के बाद यह साफ हुआ कि शहर प्रशासन के पास ऐसा करने का कोई स्वतंत्र अधिकार नहीं है.
हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिकी संघीय (फेडरल) सरकार के पास यह अधिकार है. उन्होंने केंद्र सरकार से ICC में शामिल होने और नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को लागू करने की अपील भी की. उन्होंने द न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा था कि उनकी कानूनी टीम यह पता लगा रही है कि नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया क्या हो सकती है. नेतन्याहू को लेकर ममदानी का ताजा बयान पुराने बयान से अलग है. दरअसल, उन्होंने अपने मेयर चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया जा था कि वह नेतन्याहू को गिरफ्तार कराएंगे.
Benjamin Netanyahu is a war criminal. pic.twitter.com/YRezmW6YVx
— Mayor Zohran Kwame Mamdani (@NYCMayor) July 22, 2026
नेतन्याहू गिरफ्तार नहीं किए जाएंगे: ट्रंप
इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि नेतन्याहू को किसी भी हालत में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा. नेतन्याहू इस साल संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क आ सकते हैं. इससे पहले उनके कार्यालय ने ममदानी पर आरोप लगाया था कि वह अपनी राजनीतिक गलतियों से ध्यान हटाने के लिए यह मुद्दा उठा रहे हैं और इजराइल के नेता को निशाना बना रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने भी ममदानी की आलोचना की. उन्होंने X पर लिखा, आप न्यूयॉर्क के लोगों की सेवा करने के लिए चुने गए हैं, हमास का प्रचार करने के लिए नहीं. अपना काम कीजिए.
2 साल पहले जारी हुआ था वारंट
ICC ने 2024 में नेतन्याहू और इजराइल के कुछ अन्य नेताओं के खिलाफ युद्ध अपराधों के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. ये आरोप 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद गाजा में इजराइली सैन्य कार्रवाई से जुड़े हैं. इजराइल इन सभी आरोपों से इनकार करता है.
CNN के सीनियर लीगल एनालिस्ट एली होनिग ने कहा कि न्यूयॉर्क के मेयर के पास किसी विदेशी प्रधानमंत्री या राष्ट्राध्यक्ष को गिरफ्तार करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने बताया कि अमेरिका ने रोम कानून को मंजूरी नहीं दी है. इसलिए ICC के वारंट को लागू करना अमेरिका की कानूनी जिम्मेदारी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि विदेश नीति और दूसरे देशों से जुड़े फैसले सिर्फ अमेरिकी संघीय सरकार ही ले सकती है.
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध हुआ महंगा, US ने खर्च किए 37 अरब डॉलर; 87 अरब डॉलर और मांगे

शुभेंदु प्रताप भूमंडल
पत्रकारिता में बीते 5 साल से सक्रिय हैं. नेशनल और इंटरनेशनल न्यूज राइटिंग का अनुभव. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से साइंस में ग्रेजुएशन, फिर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता और वीडियो प्रोडक्शन की पढ़ाई. दैनिक भास्कर डिजिटल से करियर की शुरुआत. बतौर न्यूज ब्रीफ एडिटर भास्कर डिजिटल में 800 से ज्यादा बाइलाइन स्टोरी. वीडियो स्क्रिप्टिंग का भी अनुभव. अगस्त 2025 से टीवी9 डिजिटल के साथ नई पारी का आगाज.
Read More