July 19, 2026

भारी बारिश का अलर्ट: माता वैष्णो देवी यात्रा अस्थाई रूप से स्थगित, अमरनाथ के बाद केदारनाथ-कैलाश यात्रा पर भी संकट - Haribhoomi

भारी बारिश का अलर्ट: माता वैष्णो देवी यात्रा अस्थाई रूप से स्थगित, अमरनाथ के बाद केदारनाथ-कैलाश यात्रा पर भी संकट

जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा अस्थाई रूप से बंद कर दी गई है। उत्तराखंड में भी भारी बारिश और लैंडस्लाइड से केदारनाथ और कैलाश-मानसरोवर यात्रा प्रभावित है।

Vaishno Devi Yatra suspended

खराब मौसम और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को आज (19 जुलाई) से अस्थाई रूप से रोक दिया गया है।

  • Published: 19 Jul 2026, 09:16 AM IST
  • Last Updated: 19 Jul 2026, 09:18 AM IST

Vaishno Devi Yatra suspended: मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के बाद उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तीर्थयात्राओं पर असर पड़ा है। खराब मौसम और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को आज (19 जुलाई) से अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए फैसला
जम्मू के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि खराब मौसम के पूर्वानुमान के चलते यात्रा को फिलहाल स्थगित रखा गया है। यात्रा को तभी बहाल किया जाएगा जब मौसम की स्थिति में सुधार होगा और मार्ग सुरक्षित घोषित कर दिया जाएगा। प्रशासन ने भक्तों से अपील की है कि वे अधिकारियों का सहयोग करें और अगले आदेश तक यात्रा शुरू करने से बचें।

#WATCH कटरा (जम्मू-कश्मीर): कटरा और त्रिकुटा पहाड़ियों में खराब मौसम के कारण श्री माता वैष्णो देवी यात्रा अभी भी रुकी हुई है। अधिकारी हालात पर नज़र रखे हुए हैं। आने वाले दिनों में इस इलाके में बड़े पैमाने पर आंधी-तूफान और भारी बारिश की संभावना है।

मौसम ठीक होने और रास्ता… pic.twitter.com/v2f5hDNddK

— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 19, 2026

श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे यात्रा फिर से शुरू होने की सटीक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक चैनलों के संपर्क में रहें। गौरतलब है कि इससे पहले खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा को भी पहले ही रोका जा चुका है।

Shri #Amarnath Ji Yatra to remain suspended until further orders in view of the adverse weather forecast. pic.twitter.com/L06FNu2NCa

— All India Radio News (@airnewsalerts) July 19, 2026

मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 जुलाई से 23 जुलाई के बीच पूरे जम्मू-कश्मीर में मध्यम से व्यापक बारिश की भविष्यवाणी की है। इसी खतरे को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता है।

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से बढ़ी मुश्किलें
भारी बारिश का असर उत्तराखंड में भी साफ दिखाई दे रहा है। शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) ने केदारनाथ और कैलाश-मानसरोवर यात्रा की राह मुश्किल कर दी है। केदारनाथ रूट पर घोड़ा-खच्चर सेवा बंद कर दी गई है, जबकि कैलाश-मानसरोवर जा रहे यात्रियों के एक जत्थे को भी सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।

उत्तराखंड के लिए IMD का अलर्ट

  • आज (रविवार): नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में 'ऑरेंज अलर्ट' है, जबकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी है।
  • 20 जुलाई: देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में अत्यंत भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' है। वहीं, नैनीताल, उत्तरकाशी और पौड़ी में 'ऑरेंज अलर्ट' रहेगा।
  • 21 जुलाई: देहरादून और बागेश्वर के लिए 'ऑरेंज अलर्ट', जबकि टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
  • 22 जुलाई: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए 'येलो अलर्ट' है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी।