रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 28 और 29 अक्टूबर को फिलीपींस के सेबू में आयोजित होने वाली 13वीं ‘आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस’ (ADMM-Plus) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे. इस बैठक में भारत सहित कई देशों के रक्षा मंत्री क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
बैठक के दौरान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर भारत का दृष्टिकोण रखेंगे. इसके अलावा, वह इसमें शामिल होने वाले देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे. इन चर्चाओं में भारत के मौजूदा रक्षा संबंधों की समीक्षा की जाएगी और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.
आसियान देशों के साथ रक्षा सहयोग पर फोकस
ADMM-Plus आसियान देशों और उनके आठ संवाद साझेदारों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग का एक अहम मंच है. इसमें भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल हैं.
1992 में आसियान का संवाद साझेदार बना भारत
भारत 1992 में आसियान का संवाद साझेदार बना था. पहली ADMM-Plus बैठक 2010 में वियतनाम के हनोई में हुई थी. इस मंच के जरिए सदस्य देश आतंकवाद से मुकाबले और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाते हैं.
एक्ट ईस्ट पॉलिसी को मिलेगा बढ़ावा
भारत और मलेशिया 2024 से 2027 के कार्यकाल के लिए आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्य समूह की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ADMM-Plus में भारत की सक्रिय भागीदारी दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा कूटनीति को मजबूत करने की दिशा में अहम है. इस बैठक के जरिए भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी को भी मजबूती मिलेगी. इसका मकसद दक्षिण-पूर्व एशिया में शांति, स्थिरता और क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है.
दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा कूटनीति होगी मजबूत
फिलीपींस के पास 2026 के लिए ‘ADMM-प्लस’ की अध्यक्षता है. ADMM-प्लस ढांचे के तहत, भारत 2024-2027 की अवधि के लिए मलेशिया के साथ मिलकर आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्य समूह (Experts Working Group on Counter-Terrorism) की सह-अध्यक्षता कर रहा है. इस समूह में भारत की सक्रिय भागीदारी, उसकी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के हिस्से के रूप में दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा कूटनीति को मजबूत करने के प्रयासों को दर्शाती है. इस नीति का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सामूहिक विकास सुनिश्चित करना है.

अंजू निर्वाण
अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.
Read More