October 26, 2026

‘मैं अपने पति के प्यार में दीवानी हूं’, ट्रोल्स पर भड़कीं रश्मिका, दिया मुंहतोड़ जवाब | IBC24

Rashmika Mandanna On Trolls: नई दिल्ली: अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने पति विजय देवरकोंडा के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि प्यार को किसी तय धारणा के तराजू पर नहीं तौला जा सकता। उन्होंने कहा कि शादी में किसने पहले प्रस्ताव रखा या किसने किसे राजी किया, इससे ज्यादा मायने साथ मिलकर भविष्य बनाने का है। करण जौहर के कार्यक्रम ‘कॉफी विद करण’ में दोनों की मौजूदगी के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर काफी चर्चा हुई थी। कार्यक्रम में देवरकोंडा ने कहा था, ‘‘मैं शादी के लिए किसी को ‘प्रपोज’ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि चलो शादी कर लेते हैं। उन्होंने मुझसे करीब 100 बार पूछा था।’’ इस पर मंदाना ने जवाब दिया था कि उन्हें देवरकोंडा को शादी के लिए मनाने में एक साल लग गया। उनकी इस बातचीत के बाद कई लोगों ने ‘अर्जुन रेड्डी’ के अभिनेता के साथ उनके रिश्ते को लेकर आलोचना करना शुरू कर दिया था।

मैं ऐसी बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं: रश्मिका

‘द गर्लफ्रेंड’, ‘एनिमल’ और ‘पुष्पा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं मंदाना (30) ने लिखा, ‘‘... उन सभी के लिए जो प्यार करते हैं और उन लोगों के लिए भी, जो हमेशा कड़वाहट से भरे रहते हैं। इस पूरे मामले पर मेरी ओर से विजय के बारे में बस दो बातें।’’ उन्होंने कहा कि वह आम तौर पर ऐसी बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं क्योंकि हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है। मंदाना ने लिखा, ‘‘मुझे लगता है कि इस विषय पर सार्वजनिक रूप से बोलना जरूरी है, क्योंकि मैं उन लोगों के बचाव में खड़ी होना चाहती हूं, जो प्यार में विश्वास करते हैं।’’ अभिनेत्री ने कहा, ‘‘आप मेरे बारे में जितना चाहें बुरा कहें। मैं सह सकती हूं। लेकिन मेरे परिवार को जाने बिना उसके बारे में बातें करना? यह नारीवाद नहीं है। यह नारीवाद का चोला ओढ़कर दूसरों को नीचा दिखाना है। नारीवाद का मकसद कभी किसी दूसरे को नीचा दिखाना या खुद को श्रेष्ठ साबित करना नहीं था, चाहे ऐसा करने वाला पुरुष हो या महिला। नारीवाद हमेशा अपनी जिंदगी के बारे में फैसले लेने की आजादी और उन फैसलों की जिम्मेदारी खुद उठाने से जुड़ा रहा है।’’

https://t.co/J7VZ2enWyw

— Rashmika Mandanna (@iamRashmika) October 26, 2026

वह जीवन भर मेरे साथी रहेंगे

देवरकोंडा के प्रति उनके अपने प्यार को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंदाना ने सवाल किया कि अपने साथी से प्यार करना गलत कब से हो गया। उन्होंने लिखा, ‘‘वह जीवन भर मेरे साथी रहेंगे। आम दिनों और असाधारण पलों में मेरे दोस्त होंगे। मेरे बच्चों के पिता होंगे। वह वो इंसान होंगे, जिनके साथ मैं उम्र का अंतिम पड़ाव बिताऊंगी। ऐसा पुरुष ढूंढिए, जो आपसे इतनी खूबसूरती से प्यार करे कि शादी के बाद भी आप उससे कहना चाहें, ‘चलो शादी कर लेते हैं।’ मैं ऐसा हजार बार करूंगी- 100 बार तो कुछ भी नहीं है। बात इतनी-सी है।’’

26 फरवरी 2026 को हुई थी रश्मिका-विजय की शादी

देवरकोंडा और मंदाना ने इस साल 26 फरवरी को शादी की थी। दोनों करण जौहर के लोकप्रिय ‘चैट शो’ में मेहमान बनकर पहुंचे थे। कार्यक्रम में उनकी बातचीत के बाद इंटरनेट पर लोगों ने उनके रिश्ते के बारे में राय बनानी शुरू कर दी थी। मंदाना ने कहा, ‘‘हमारे लिए शादी कभी प्रपोज करने, घुटने के बल बैठने या उंगली में अंगूठी पहनाने के बारे में नहीं थी। ये सब दिखावटी बातें हैं। हमारे लिए शादी का मतलब साथ मिलकर जिंदगी और भविष्य बनाना है। और मुझे लगता है कि अब तक हमने यह बहुत खूबसूरती से किया है।’’

इन्हें भी पढ़ें:-

  • ‘काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती’, बिठूर से अखिलेश यादव पर जमकर बरसे सीएम योगी, 48 परियोजनाओं की दी सौगात
  • फिर बिगड़ेगा आपके रसोई का बजट? अरहर-मसूर समेत ये दाल होगी महंगी! जानें आखिर क्या है माजरा? 
  • अब इस मशहूर सिंगर के घर पर हमला! बदमाशों ने चलाई कई गोलियां, कार को भी किया क्षतिग्रस्त