July 18, 2026

बांग्लादेश में स्वास्थ्य संकट गहराया: खसरे के बाद डेंगू का प्रकोप जारी, एक शख्स की मौत

बांग्लादेश में स्वास्थ्य संकट गहराया: खसरे के बाद डेंगू का प्रकोप जारी, एक शख्स की मौत

बांग्लादेश में स्वास्थ्य संकट गहराया: खसरे के बाद डेंगू का प्रकोप जारी, एक शख्स की मौत

बांग्लादेश में स्वास्थ्य संकट गहराया: खसरे के बाद डेंगू का प्रकोप जारी, एक शख्स की मौत

author-image

IANS

18 Jul 2026

18:35 IST

New Update

(070819) BANGLADESH-DHAKA-DENGUE

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

ढाका, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश में खसरे जैसे संदिग्ध लक्षणों से बच्चों की मौत का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह 8 बजे तक के पिछले 24 घंटों में खसरे जैसे लक्षणों वाले चार बच्चों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में कन्फर्म और संदिग्ध खसरा-संबंधी मौतों की कुल संख्या 784 तक पहुंच गई है। वहीं, डेंगू ने भी स्वास्थ्य महकमे की परेशानी बढ़ा दी है। इस साल डेंगू से अब तक 33 लोगों की जान जा चुकी है।

बांग्लादेश की न्यूज एजेंसी यूएनबी ने डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (डीजीएचएस) के हवाले से बताया कि 24 घंटे में हुई मौत को संदिग्ध खसरा से मृत्यु के रूप में वर्गीकृत किया गया है।

नवीनतम आंकड़ों के बाद खसरे जैसे लक्षणों के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 689 हो गई है, जबकि लैब टेस्ट से कंफर्म खसरा मृतकों की संख्या 95 पर स्थिर बनी हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 699 नए संदिग्ध खसरा मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देशभर में संदिग्ध मामलों की कुल संख्या 1,16,710 हो गई है।

इसी अवधि में 74 नए मामलों में लैब जांच के जरिए खसरे की पुष्टि हुई, जिससे देश में कुल संक्रमितों की संख्या 14,318 दर्ज की गई।

डीजीएचएस के आंकड़ों के अनुसार, 15 मार्च से अब तक 99,249 संदिग्ध खसरा मरीजों को देशभर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 95,529 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि अन्य मरीजों का उपचार जारी है।

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि देशभर में खसरे के मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है। अस्पतालों को सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, लोगों से बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने और खसरे जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की अपील की गई है।

मच्छर जनित डेंगू भी बांग्लादेशियों पर कहर बनकर टूटा है। शनिवार सुबह 8 बजे तक (पिछले 24 घंटों में )डेंगू से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि 242 नए मरीजों को देशभर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

डीजीएचएस के अनुसार, इस वर्ष डेंगू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, नए मरीजों के सामने आने के बाद अस्पतालों में डेंगू के मामलों की निगरानी और उपचार व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

डीजीएचएस ने नागरिकों से मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

–आईएएनएस

केआर/

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.