October 22, 2026

रोज Lamborghini को निहारता था जिम क्लीनर, मालिक ने एक दिन थमा दी कार की चाबी

करोड़ों की लेम्बॉर्गिनी सामने खड़ी हो, तो उसे देखकर कौन नहीं ठहरेगा? हैदराबाद के एक जिम क्लीनर के साथ भी ऐसा ही था. वह रोज इस लग्जरी कार को देखता और एक दिन तो उसके साथ फोटो खींचने लगा. तभी कार के मालिक ने कुछ ऐसा किया, जिसकी शायद उसने कल्पना भी नहीं की होगी. बिजनेसमैन कुरापति नागा वेंकट राकेश कुमार ने उसे सीधे ड्राइविंग सीट पर बैठने का मौका दे दिया. दिलचस्प बात ये है कि राकेश कभी खुद सेल्समैन थे और 800 रुपये कमाते थे. शायद इसीलिए वह जानते हैं कि किसी सपने को दूर से देखने और उसे करीब से महसूस करने में कितना फर्क होता है.

जिम क्लीनर रोज देखता था लेम्बोर्गिनी
हैदराबाद के बिजनेसमैन कुरापति नागा वेंकट राकेश कुमार ने जिम में सफाई करने वाले कर्मचारी को अपनी लेम्बॉर्गिनी की ड्राइविंग सीट पर बैठने का मौका दिया. कभी खुद सेल्समैन के तौर पर 800 रुपये कमाने वाले राकेश को इस कर्मचारी की आंखों में अपना पुराना सपना नजर आया. राकेश कुमार ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि जब भी वह सुबह अपनी लेम्बोर्गिनी लेकर जिम पहुंचते थे, उनकी नजर एक कर्मचारी पर पड़ती थी. वह कर्मचारी फर्श साफ करने वाली मशीन से अपना काम करता था. राकेश के मुताबिक, उनकी कार आते ही कर्मचारी उसे काफी खुशी से देखने लगता था.

कर्मचारी की नजर बार-बार इस महंगी कार पर जाती थी. वह उसे दूर से निहारता रहता था. एक दिन तो उसने अपना फोन निकाला और कार के साथ तस्वीर खींचने की कोशिश की. यह देखकर राकेश ने उससे बात करने का फैसला किया. राकेश ने कर्मचारी से पूछा कि क्या उसे उनकी कार पसंद है. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत हुई. एक आम सुबह की यह मुलाकात आगे चलकर कर्मचारी के लिए एक यादगार पल बन गई.

पहले काम के बारे में पूछा, फिर लेम्बॉर्गिनी की चाबी थमा दी
राकेश ने कर्मचारी से सिर्फ कार के बारे में ही बात नहीं की, बल्कि उसके काम में भी दिलचस्पी दिखाई. उन्होंने उससे जिम साफ करने वाली मशीन के बारे में पूछा और यह जानने की कोशिश की कि वह उसे कैसे चलाता है. इसके बाद राकेश ने कर्मचारी को अपनी लेम्बॉर्गिनी की ड्राइविंग सीट पर बैठने का मौका दिया. उन्होंने उसे कार की चाबी भी थमा दी. जिस कार को वह अब तक दूर से देखता था, अब उसे उसके अंदर बैठने का मौका मिल रहा था.

राकेश ने इस पल का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. उनके मुताबिक, जब कर्मचारी ड्राइविंग सीट पर बैठा, तो उसके चेहरे पर हैरानी और खुशी साफ दिखाई दे रही थी. यह सिर्फ एक महंगी कार में बैठने का मौका नहीं था. कर्मचारी के लिए यह ऐसा अनुभव था, जिसे वह शायद लंबे समय तक याद रखेगा. वहीं, राकेश के लिए भी यह पल खास था, क्योंकि वह खुद कभी ऐसी ही कारों को दूर से देखकर आकर्षित होते थे.

कभी सेल्समैन की नौकरी करते थे राकेश कुमार
इस कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू राकेश कुमार का अपना सफर है. आज उनके पास लेम्बॉर्गिनी जैसी लग्जरी कार है, लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब वह सेल्समैन के तौर पर काम करते थे और 800 रुपये कमाते थे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, राकेश को उस दौर में सुपर कारों का शौक था. वह भी ऐसी कारों को देखकर आकर्षित होते थे. लेकिन जब वह ऐसी कारों के मालिकों के पास जाते थे, तो कई बार लोग उन्हें नजरअंदाज कर देते थे. राकेश को यह बात याद रही. 

उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने खुद से वादा किया था कि अगर कभी उनके पास भी ऐसी कार हुई, तो वह उन लोगों जैसा व्यवहार नहीं करेंगे, जिन्होंने कभी उन्हें महत्व नहीं दिया था. आज जब वह खुद लेम्बोर्गिनी के मालिक हैं, तो उन्होंने अपनी पुरानी जिंदगी के इस अनुभव को नहीं भुलाया. जिम में काम करने वाले कर्मचारी को कार के अंदर बैठने का मौका देकर उन्होंने उसे भी उस खुशी का अनुभव कराया, जिसे पाने की इच्छा कभी उनके मन में हुआ करती थी.

खुशी बांटने के लिए अमीर होना जरूरी नहीं
राकेश कुमार ने अपनी पोस्ट में यह संदेश देने की कोशिश की कि किसी को खुशी देने के लिए हमेशा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं होता. कई बार किसी से सम्मान से बात करना, उसकी बात सुनना या उसे कोई खास अनुभव देना भी उसके लिए बहुत मायने रख सकता है. राकेश खुद उस दौर से गुजर चुके हैं, जब उनके पास ऐसी महंगी कार नहीं थी. शायद इसी वजह से वह समझ पाए कि कर्मचारी के लिए लेम्बोर्गिनी में बैठना कितना खास हो सकता है. यह घटना यह भी याद दिलाती है कि किसी व्यक्ति के काम या आर्थिक स्थिति के आधार पर उसके सपनों को छोटा नहीं समझना चाहिए. हर इंसान की अपनी इच्छाएं होती हैं और कभी-कभी उन्हें पूरा करने के लिए बहुत बड़ा कदम उठाने की जरूरत भी नहीं होती.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
राकेश कुमार ने जिम कर्मचारी के साथ इस मुलाकात का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो को अब तक 2.76 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों ने राकेश के व्यवहार की तारीफ की. लोगों को यह बात पसंद आई कि उन्होंने अपनी कामयाबी के बीच उस दौर को याद रखा, जब वह खुद एक सेल्समैन थे और महंगी कारों को देखकर खुश होते थे.

---- समाप्त ----