October 15, 2026

अमेरिका के मंदिर में मास शूटिंग की साजिश हिंदू विरोधी... विदेश मंत्रालय ने कहा- नस्लवादी सोच चिंताजनक

अमेरिका के मंदिर में मास शूटिंग की साजिश हिंदू विरोधी… विदेश मंत्रालय ने कहा- नस्लवादी सोच चिंताजनक

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवालImage Credit source: X/@MEAIndia

विदेश मंत्रालय (MEA) ने आज गुरुवार को अमेरिका के इलिनोइस प्रांत के ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने को लेकर मास शूटिंग की कथित साजिश पर गहरी चिंता जताई है. मंत्रालय ने इस योजना को हिंदू-विरोधी और नस्लवादी बताते हुए इसे चिंताजनक करार दिया और अमेरिकी अधिकारियों से भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया है.

मीडिया के सवालों के जवाब में जारी एक बयान में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से की गई कार्रवाई पर संज्ञान लिया है, जिसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी और उस पर लगाए गए आरोप शामिल हैं.

भारत-विरोधी नफरत ने बढ़ाई चिंताः विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि आज की इस घटना ने अमेरिका में नस्लवादी शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ा दिया है. मंत्रालय ने अधिक सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की पॉलिसी अपनाने और भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने का आह्वान किया है.

मंदिर पर फायरिंग की साजिश को लेकर भारत ने अमेरिकी अधिकारियों से इस मामले की गहन जांच करने, दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने को भी कहा है. विदेश मंत्रालय की ओर से यह प्रतिक्रिया तब आई है जब शिकागो के उपनगर पैलेटाइन की पुलिस ने 19 साल के एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस की गिरफ्तारी की घोषणा की. उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप हैं.

बड़े स्तर पर फायरिंग की योजना बनाने का आरोप

समाचार एजेंसी ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ (AP) के अनुसार, घटना के बाद जांच में शामिल जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि हमलावर ने ऑरोरा में हिंदुओं के एक पूजा स्थल को निशाना बनाने की योजना बनाई होगी, हालांकि वह सटीक जगह अभी भी जांच का विषय है.

अभियोजकों का आरोप है कि पैलेटाइन में ‘टैको बेल’ आउटलेट पर काम करने वाले पैपोराकिस ने अपने सहकर्मियों के साथ कुछ डिजिटल कम्युनिकेशन के जरिए यह मैसेज शेयर किया था. इनमें एक ऐसा दस्तावेज भी था जिसमें बड़े पैमाने पर फायरिंग की कथित योजना का जिक्र किया गया था, साथ ही इसमें टैक्टिकल गियर यानी हमले में इस्तेमाल होने वाले उपकरण की कुछ फोटो भी थीं.

AP की रिपोर्ट के अनुसार, कुक काउंटी स्टेट के अटॉर्नी ऑफिस के अभियोजकों ने बताया कि पैपोराकिस के साथियों ने पुलिस को यह जानकारी दी कि वह खुद को ‘श्वेत वर्चस्ववादी’ (white supremacist) मानता था और उसने भारतीय मूल के लोगों को जान से मारने की इच्छा जताई थी. एजेंसी के मुताबिक, अभियोजकों ने यह भी आरोप लगाया कि पैपोराकिस ने 8 पेज वाला एक दस्तावेज भी लोगों के बीच बांटा था, जिसका नाम था- “Why I fought: A.K.A. (Aurora Shooters Manifesto)”.

30 अक्टूबर को होगी मामले की अगली सुनवाई

यह भी बताया जा रहा है कि इस दस्तावेज में भारतीयों, यहूदियों और अफ्रीकी-अमेरिकी लोगों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था और उनमें से अधिक से अधिक लोगों को मारने की योजना बताई गई थी. AP की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस और अभियोजकों ने बताया कि संदिग्ध के घर की तलाशी के दौरान बिना सीरियल नंबर वाली AR-स्टाइल राइफल, लोडेड मैगजीन और गोला-बारूद, दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी वाला एक गैस कनस्तर, और नाजी प्रतीकों वाली कुछ चीजें मिलीं.

AP के मुताबिक, माउंट प्रॉस्पेक्ट और पैलेटाइन पुलिस विभागों ने मिलकर काम किया और रविवार दोपहर को घर से निकलते समय पैपोराकिस को गिरफ्तार कर लिया. जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि हो सकता है कि कथित हमले की योजना उसी दिन के लिए बनाई गई हो. समाचार एजेंसी के अनुसार, पैलेटाइन पुलिस प्रमुख विलियम नॉर्ड ने इस कथित खतरे को गंभीर बताया और कहा कि पूजा स्थलों की सुरक्षा करना कानून प्रवर्तन एजेंसियों की प्राथमिकता है.

समाचार एजेंसी ने बताया कि एक जज ने बुधवार को सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया कि केस की सुनवाई पूरी होने तक पैपोराकिस को हिरासत में ही रखा जाएगा. उसे 30 अक्टूबर को फिर से कोर्ट में पेश होना है.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button