October 14, 2026

कांग्रेस की सरकार बनाने साइकिल यात्रा पर निकला युवक: नौकरी छोड़ तेलंगाना से दिल्ली जा रहा, बोले- सोनिया गांधी 'फाइटर मदर ऑफ द वर्ल्ड' हैं - Bhopal News

कांग्रेस की सरकार बनाने साइकिल यात्रा पर निकला युवक:नौकरी छोड़ तेलंगाना से दिल्ली जा रहा, बोले- सोनिया गांधी 'फाइटर मदर ऑफ द वर्ल्ड' हैं

भोपाल6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
साइकिल यात्रा पर निकले सोनू यादव। - Dainik Bhaskar

साइकिल यात्रा पर निकले सोनू यादव।

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू यादव कांग्रेस की सरकार बनाने का संदेश लेकर तेलंगाना से दिल्ली तक साइकिल यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने अपनी यात्रा का नाम ‘कांग्रेस जनसंदेश जनसंपर्क क्रांति साइकिल यात्रा मिशन 2019’ रखा है। 21 अगस्त 2026 को हैदराबाद स्थित गांधी भवन से यात्रा शुरू करने वाले सोनू बुधवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वे तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश होते हुए दिल्ली जा रहे हैं।

सोनू रोजाना 50 से 60 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात कर अपनी यात्रा का उद्देश्य बता रहे हैं। उनका लक्ष्य दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करना और पार्टी के समर्थन में जनसंपर्क करना है।

सिक्योरिटी सुपरवाइजर की नौकरी छोड़ी

सोनू यादव तेलंगाना में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के रूप में काम करते थे। कांग्रेस के लिए काम करने और पार्टी की सरकार बनाने के उद्देश्य से उन्होंने नौकरी छोड़कर साइकिल यात्रा शुरू की है। उनके परिवार में पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच इस तरह यात्रा पर निकलना उनके लिए बड़ा फैसला है।

सोनू ने 2023 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के हाथों कांग्रेस की सदस्यता ली थी। इसके बाद से वे पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। अब साइकिल यात्रा के जरिए अलग-अलग राज्यों में लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रहे हैं।

'सबसे पहले सोनिया गांधी से मिलना चाहते हैं'

सोनू यादव का कहना है कि दिल्ली पहुंचने के बाद वे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे। हालांकि, उनकी पहली प्राथमिकता सोनिया गांधी से मिलना है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का रायबरेली से जुड़ाव रहा है, इसलिए वे सबसे पहले उनसे मिलना चाहते हैं। सोनू ने सोनिया गांधी को ‘फाइटर मदर ऑफ द वर्ल्ड’ बताया।

सोनू की साइकिल यात्रा मध्य प्रदेश से होते हुए दिल्ली की ओर बढ़ रही है। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर उनकी यात्रा का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय रहा।

.